अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टर की बेटी ने ‘वीर रस’ से भरा सभागार, छत्तीसगढ़ की 25 वर्ष की गौरवगाथा को दी दमदार आवाज़

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर/बैकुंठपुर। जब राजधानी रायपुर में राज्य के सबसे बड़े युवा कवि सम्मेलन का मंच सजा, तो सभी की निगाहें कोरिया जिले की एक सहायक शिक्षिका, अलीशा शेख पर टिक गईं। स्वामी आत्मानंद विद्यालय, महलपारा बैकुंठपुर में कार्यरत अलीशा ने अपनी ओजस्वी कविता पाठ से न केवल श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि 15 से 29 आयु वर्ग की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर कोरिया जिले को राष्ट्रीय पटल पर गौरव दिलाया। अलीशा ने अपनी कविता के लिए ‘वीर रस’ को चुना, जो मंच पर एक नई ऊर्जा लेकर आया। उनकी रचना छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास और राज्य निर्माण के 25 वर्ष की समृद्ध यात्रा को समर्पित थी। अलीशा के मुख से राज्य के शौर्य, संस्कृति और प्रगति की गाथा सुनकर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

खेल और साहित्य का अनूठा संगम
अलीशा की इस उपलब्धि के पीछे एक और प्रेरणादायक कहानी है। उनकी माता श्रीमती संजीदा खातून, जो स्वयं एक अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टर खिलाड़ी हैं। खेल के मैदान से लेकर साहित्य के मंच तक, माता और बेटी ने साबित किया कि मेहनत और जुनून से किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है। यह परिवार कोरिया जिले के बैकुंठपुर की उस मिट्टी का प्रतिनिधित्व करता है, जहाँ प्रतिभाएँ हर रूप में पनपती हैं। बीते 10 वर्षों से विभिन्न मंचों पर अपनी कविता और बेबाक मंच संचालन के लिए पहचानी जाने वाली अलीशा के लिए यह राज्य स्तरीय सम्मान एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने उन्हें सम्मानित करते हुए युवा प्रतिभाओं को लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रसिद्ध कवियों के सानिध्य में नई उड़ान
इस मंच पर अलीशा को देश के प्रख्यात कवि जैसे शशिकांत यादव, दिनेश बावरा, कविता तिवारी और नीलोत्पल मृणाल से मार्गदर्शन मिला। इस अवसर ने युवा कवियों को स्थापित रचनाकारों से सीखने का अमूल्य मौका दिया, जो अलीशा के रचनात्मक सफर को एक नई और परिष्कृत दिशा देगा। अलीशा शेख की यह सफलता यह दर्शाती है कि राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे मंचों से ग्रामीण और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को अपनी कला और साहित्य को देश भर में पहुंचाने का स्वर्णिम अवसर मिल रहा है।


About The Author














