
लोरमी अपहरण कांड में सनसनीखेज खुलासा: श्मशान घाट के पास मिला नरकंकाल लाली का, डीएनए जांच से पुष्टि
माता-पिता समेत तीन पर गहराया शक, नार्को टेस्ट की मंजूरी
मुंगेली। लोरमी क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम लाली (माहेश्वरी गोस्वामी) के अपहरण और रहस्यमयी ढंग से लापता होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। श्मशान घाट के पास एक खेत में मिले नरकंकाल की डीएनए जांच से पुष्टि हो गई है कि वह मासूम लाली का ही है। अब यह मामला अपहरण के साथ-साथ हत्या की दिशा में मुड़ गया है। पुलिस ने बच्ची की मौत की सच्चाई सामने लाने के लिए माता-पिता समेत तीन संदिग्धों के नार्को टेस्ट की मंजूरी ले ली है। 12 अप्रैल की रात लगभग 2 बजे लाली का अपहरण हो गया था। वह अपनी मां पुष्पा गोस्वामी और छोटे भाई के साथ घर के आंगन में सो रही थी। अगली सुबह लाली के नहीं दिखने पर उसकी मां ने लोरमी थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 7 टीमें बनाकर जांच शुरू की। साइबर सेल की भी मदद ली गई। इस बीच 20 अप्रैल को कांग्रेस पार्टी ने बेटी बचाओ न्याय यात्रा निकाली। पीसीसी चीफ दीपक बैज के नेतृत्व में कोसाबाड़ी से लोरमी तक 10 किमी की पदयात्रा की गई और थाने का घेराव कर प्रशासन पर दबाव बनाया गया।

नरकंकाल से खुला राज :
9 मई को बच्ची के घर से कुछ ही दूरी पर स्थित श्मशान घाट के पास ग्रामीणों को एक नरकंकाल मिला। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कंकाल को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा। एसपी भोजराम पटेल ने अब पुष्टि की है कि डीएनए रिपोर्ट में यह कंकाल लाली का ही निकला है।
अब नार्को टेस्ट की बारी :
जांच में शक की सुई बच्ची के ही परिजनों की ओर घूमने लगी है। पुलिस ने पहले ही बच्ची की मां पुष्पा गोस्वामी और भाभी रितु गोस्वामी का पॉलीग्राफ व ब्रेन मैपिंग टेस्ट करवाया है। अब न्यायालय से तीन प्रमुख संदिग्धों मां, पिता और भाभी के नार्को टेस्ट की अनुमति प्राप्त हो चुकी है।
एसपी भोजराम पटेल का कहना है कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस का मकसद दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर बच्ची को न्याय दिलाना है।
लाली के लिए न्याय की मांग अब और तेज़
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सामाजिक संगठनों ने भी न्याय की गुहार लगाई है और बच्ची की मौत के पीछे के राज को उजागर करने की पुरज़ोर अपील की है।


About The Author










































