बीएसएनएल ने 4 अक्टूबर तक दी श्रद्धालुओं को फ्री इंटरनेट सुविधा, प्रति उपयोगकर्ता को रोज़ाना 1 जीबी डेटा निशुल्क उपलब्ध, स्थायी वाई-फाई ज़ोन बनाने की भी तैयारी

नई पहल न्यूज नेटवर्क। जगदलपुर। बस्तर दशहरा के भव्य पर्व में इस बार परंपरा और तकनीक का संगम देखने को मिल रहा है। जगदलपुर स्थित माता दंतेश्वरी मंदिर परिसर में बीएसएनएल ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फ्री वाई-फाई सेवा शुरू की है। 4 अक्टूबर तक हर आगंतुक को रोज़ाना 1 जीबी तक डेटा निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल न सिर्फ श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ा रही है बल्कि प्रशासन और सुरक्षा प्रबंधन को भी मजबूत कर रही है। जगदलपुर में दशहरे के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आगमन होता है। इस भीड़ को देखते हुए बीएसएनएल ने माता दंतेश्वरी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों को अस्थायी फ्री वाई-फाई ज़ोन घोषित किया है।
बीएसएनएल के महाप्रबंधक (जीएम) शरत चंद्र तिवारी ने बताया कि –
प्रत्येक उपयोगकर्ता को प्रतिदिन 1 जीबी डेटा मुफ्त उपलब्ध होगा। यह सेवा प्रयोग के तौर पर शुरू की गई है। यदि यह सफल रहती है तो जिला प्रशासन के सहयोग से मंदिर परिसर को स्थायी रूप से फ्री वाई-फाई ज़ोन घोषित करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।
श्रद्धालुओं ने सुविधा का स्वागत किया
बीएसएनएल अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह सेवा पूरी तरह सुरक्षित होगी और डेटा उपयोग की सीमा का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। श्रद्धालुओं ने इस सुविधा का स्वागत करते हुए कहा कि अब वे मंदिर दर्शन और बस्तर दशहरे की झलकियाँ आसानी से सोशल मीडिया पर साझा कर सकेंगे और अपने परिजनों से जुड़े रहेंगे। डिजिटल इंडिया की दिशा में यह पहल बस्तर दशहरा जैसे विश्वप्रसिद्ध आयोजन को और आधुनिक बना रही है। आने वाले समय में यदि इसे स्थायी रूप दिया जाता है तो माता दंतेश्वरी मंदिर परिसर प्रदेश का पहला ऐसा धार्मिक स्थल होगा, जहां श्रद्धालुओं को स्थायी फ्री वाई-फाई सुविधा मिलेगी।

About The Author














