
कोरबा। जिले के एसईसीएल गेवरा कोयला खदान में आज सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। दीपका और गेवरा खदान की सीमा पर कोयला चोरी के दौरान दो युवकों की दबकर मौत हो गई। एक अन्य युवक घायल हो गया। मृतकों की पहचान विशाल यादव (18 वर्ष) और धन सिंह कंवर (24 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान साहिल धनवार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। साहिल किसी तरह बचकर गांव पहुंचा और घटना की जानकारी दी। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
एसईसीएल पीआरओ बिलासपुर शनिष चन्द्र ने स्पष्ट किया कि यह घटना खनन गतिविधियों से जुड़ी नहीं है। उन्होंने बताया कि हादसा खदान से करीब 20-25 फीट ऊपर हुआ। यह वह स्थान है जहां दीपका और गेवरा माइंस की सीमा मिलती है। हरदी बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और रेस्क्यू कार्य जारी है। क्षेत्र में कोयला चोरी की घटनाएं लगातार जारी हैं।


About The Author










































