भाजपा ने सोनपुर विधानसभा का प्रवासी प्रभारी बनाया, झारखंड के बाद अब बिहार में करेंगी प्रचार की कमान, बोलीं, एनडीए की ऐतिहासिक विजय होगी

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर/पटना/पंडरिया। छत्तीसगढ़ की पंडरिया विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय विधायक भावना बोहरा को पार्टी ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी संगठनात्मक क्षमता और पूर्व के चुनाव अनुभवों को देखते हुए, भाजपा ने उन्हें सारण जिले के महत्वपूर्ण सोनपुर विधानसभा (क्रमांक 122) का प्रवासी प्रभारी नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी मिलने के तुरंत बाद विधायक बोहरा बिहार के लिए रवाना हो गई हैं, जहां उन्होंने चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है।
‘मिशन बिहार’ पर पंडरिया की विधायक
छत्तीसगढ़ की राजनीति में अपनी सक्रियता के लिए जानी जाने वाली विधायक भावना बोहरा अब बिहार के सियासी रण में उतर गई हैं। 6 और 11 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए भाजपा ने उन्हें सोनपुर विधानसभा क्षेत्र की नब्ज टटोलने और चुनावी समीकरण साधने का जिम्मा दिया है। रविवार को उन्होंने पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय और सारण जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लिया और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। इससे पहले 2024 में झारखंड विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने प्रवासी प्रभारी की भूमिका सफलतापूर्वक निभाई थी, जिससे उनके अनुभव और क्षमता पर पार्टी नेतृत्व का विश्वास और मजबूत हुआ है।

नेतृत्व के प्रति जताया आभार, एनडीए की ऐतिहासिक जीत का दावा
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर विधायक भावना बोहरा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, विशेष रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी. नड्डा जी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “पार्टी द्वारा जिस विश्वास से मुझे यह दायित्व सौंपा गया है, उसके प्रति अपने कर्तव्यों को पूरा करने के लिए मैं पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करुँगी। मुझे विश्वास है कि बिहार विधानसभा चुनाव-2025 एनडीए के लिए ऐतिहासिक विजय का चुनाव होगा। उन्होंने दावा किया कि 14 नवंबर को वोटों की गिनती के माध्यम से बिहार की जनता एक बार फिर एनडीए सरकार को पूर्ण बहुमत प्रदान करेगी।
‘जंगलराज’ वर्सेज ‘विकासवाद’: गिनाई पीएम मोदी की योजनाएं
सोनपुर में प्रचार की शुरुआत करते हुए विधायक बोहरा ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य में एनडीए सरकार की उपलब्धियों पर जोर दिया। उन्होंने विपक्षी महागठबंधन पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में ‘जंगलराज’ और ‘भ्रष्टाचार’ को समाप्त कर सुशासन एवं विकास को स्थापित किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पीएम आवास, आयुष्मान भारत, और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने बिहार के हर घर तक पहुंच बनाई है। उन्होंने कहा, “एक समय था जब बिहार में सड़कें गड्ढों से भरी थीं, बिजली एक सपना थी, और कानून-व्यवस्था का नामोनिशान नहीं था। लेकिन आज हर गांव में बिजली, हर घर में शौचालय है, युवाओं को स्किल इंडिया से रोजगार और महिलाओं को उद्यमी बनाने के लिए सहायता मिल रही है। भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री द्वारा हाल ही में बिहार को दी गई 62 हजार करोड़ रुपए की सौगात का भी जिक्र किया, जो युवाओं के स्किल डेवलपमेंट और रोजगार पर केंद्रित है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की जनता आगामी चुनाव में नकारात्मक और भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाली विपक्षी पार्टियों को नकार कर, सुशासन और विकास के लिए फिर से एनडीए सरकार बनाएगी।
About The Author














