
नए सत्र में औद्योगिक संगठन विषय लागू करने की रखी मांग, रिक्त पदों की जानकारी भी मांगी गई
नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। बेमेतरा। छत्तीसगढ़ व्याख्याता वाणिज्य विकास संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं प्रकट करते हुए संघ ने वाणिज्य संकाय से जुड़ी अहम मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रदेश संयोजक एवं अध्यक्ष विष्णु प्रसाद साहू के नेतृत्व तथा जिला अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण साहू की उपस्थिति में यह प्रतिनिधिमंडल डीईओ से मिला। संघ ने बताया कि विगत दो शैक्षणिक सत्रों में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं में 80% से अधिक टॉपर्स वाणिज्य संकाय से रहे हैं। यह विद्यार्थियों की मेहनत, और व्याख्याताओं के श्रेष्ठ मार्गदर्शन का प्रतिफल है।

इस सकारात्मक परिणाम को और अधिक मजबूत करने हेतु संघ ने बेमेतरा जिले के समस्त हायर सेकेंडरी विद्यालयों में वाणिज्य संकाय के लिए वैकल्पिक विषय “औद्योगिक संगठन” लागू किए जाने की मांग रखी। साथ ही, युक्तियुक्तकरण नीति के अंतर्गत जिले में वाणिज्य विषय के रिक्त पदों की जानकारी भी जिला शिक्षा अधिकारी से मांगी गई, ताकि समय रहते आवश्यक नियुक्तियाँ सुनिश्चित हो सकें। इस प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष धनराज साहू, व्याख्याता तारकेश दीवान, राहुल सलूजा, यतीश ठाकुर, पूनम चंद्राकर एवं तोपसिंग पटेल भी मौजूद रहे।


About The Author










































