
बैकुंठपुर स्थित मार्गदर्शन संस्थान शिक्षा महाविद्यालय के बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर को लिखित शिकायत की, टूर में न जाने पर रिजल्ट रोकने की धमकी
कोरिया। जिले के बैकुंठपुर स्थित मार्गदर्शन संस्थान शिक्षा महाविद्यालय के बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा है। छात्रों का आरोप है कि संस्थान प्रबंधन बनारस टूर के नाम पर प्रति छात्र 12 हजार रुपए की मांग कर रहा है। छात्रों ने बताया कि वे न तो टूर पर जाना चाहते हैं और न ही उनकी आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी है। लेकिन संस्थान प्रबंधन टूर में न जाने पर रिजल्ट रोकने की धमकी दे रहा है। छात्रों का कहना है कि बीएड पाठ्यक्रम में शैक्षणिक भ्रमण अनिवार्य नहीं है।

बैकुंठपुर की पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव ने कहा कि 12 हजार रुपए छोटी रकम नहीं है। हर परिवार अपने बच्चों को घूमने के लिए इतना पैसा नहीं दे सकता। उन्होंने बताया कि विरोध करने वाले छात्रों को नंबर काटने और अटेंडेंस में गड़बड़ी करने की धमकी दी जा रही है। यह प्रक्रिया हर साल दोहराई जाती है। कोरिया कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने बताया कि अपर कलेक्टर मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट जल्द आएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल संस्थान के खिलाफ उच्च शिक्षा विभाग और डीपीआई को सूचित किया जाएगा।


About The Author










































