
विधानसभा सत्र के आखिरी दिन पेड़ कटाई का मुद्दा उठाने वाले थे भूपेश बघेल, पहुंच गई ED – भिलाई में छापेमारी
नई पहल न्यूज नेटवर्क। दुर्ग | छत्तीसगढ़ की राजनीति में उस समय बड़ी हलचल मच गई जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई-3 स्थित निजी निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने सुबह 6:30 बजे छापा मारा।
ED की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब विधानसभा सत्र का आज अंतिम दिन है और भूपेश बघेल ने खुद एक पोस्ट में कहा था कि “अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठना था।”
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा :

> “ED आ गई। भिलाई निवास में “साहेब” ने ED भेज दी है।”
सूत्रों के अनुसार, ED की टीमें वर्तमान में जांच और दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी हैं। छापे की प्रकृति और कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन बघेल खेमे का दावा है कि यह कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है। पूर्व मुख्यमंत्री का कहना है कि यह कदम उस समय उठाया गया जब वे विधानसभा में पर्यावरण और कॉरपोरेट गठजोड़ के खिलाफ आवाज उठाने वाले थे। इससे पहले भी बघेल केंद्र पर ED-CBI के दुरुपयोग का आरोप लगाते रहे हैं। इस कार्रवाई ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी साफ देखी जा रही है और पार्टी नेताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन की संभावना जताई जा रही है।
About The Author










































