
नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। रायपुर | छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सियासत सोमवार को तब गर्मा गई जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में अपने तीखे तेवर दिखाते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत को आक्रामक भूमिका निभाने की नसीहत दी और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को अनुशासनहीनता के मामलों में निष्क्रियता पर घेरा। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट कर रहे थे। मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं के सामने भूपेश बघेल ने साफ कहा “अगर पार्टी के सीनियर नेता गंभीर विषयों पर चुप रहेंगे, तो कांग्रेस की मौजूदगी जनता के बीच कैसे महसूस होगी?” उन्होंने स्पष्ट तौर पर डॉ. चरणदास महंत से कहा कि, “आप नेता प्रतिपक्ष हैं। यह पद केवल बैठने के लिए नहीं होता, आपको आक्रामकता के साथ सरकार की नाकामियों को उजागर करना होगा।”
दीपक बैज को लेकर जताई नाराजगी

पूर्व मुख्यमंत्री ने अनुशासन के मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि “पार्टी में कुछ भी बोले जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती। कोई भी नेता बयानबाजी करता है और पार्टी खामोश रहती है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि “राजनांदगांव के एक नेता ने मेरे खिलाफ बयान दिया, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसा क्यों? अनुशासन सबके लिए होना चाहिए, केवल अपने लोगों पर कार्रवाई करना ठीक नहीं।”
क्या संकेत दे गए बघेल ?
बैठक में भूपेश बघेल की तल्ख़ी ने यह साफ कर दिया कि पार्टी के अंदर विरोध की आवाज़ें अब बंद दरवाजों से बाहर आने लगी हैं।
सिर्फ संगठनात्मक आलोचना ही नहीं, बल्कि यह बयानबाजी पार्टी के भीतर भूमिकाओं की असंतुलन और दिशा विहीनता को भी उजागर कर रही है।
इस बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे, जिनमें प्रमुख रूप से:
डॉ. चरणदास महंत (नेता प्रतिपक्ष)
टीएस सिंहदेव (पूर्व उपमुख्यमंत्री)
दीपक बैज (प्रदेश अध्यक्ष)
अन्य राज्य स्तरीय पदाधिकारी और रणनीतिक सलाहकार शामिल रहे।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस की इस बैठक ने एक बार फिर दिखा दिया कि भीतरखाने चल रही नाराजगी, निष्क्रियता और नेतृत्व की असहमति अब सतह पर आने लगी है। भूपेश बघेल की मुखरता एक राजनीतिक चेतावनी है, अगर कांग्रेस अपने ही भीतर अनुशासन और सक्रियता नहीं ला पाई, तो जनता में वैकल्पिक ताकत के रूप में खुद को साबित कर पाना मुश्किल होगा।


About The Author










































