नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़/केल्हारी: मनेन्द्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर रोजी गांव (सेमरमथानी मोड़) के पास हुए भीषण मिनी बस हादसे के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मीडिया से चर्चा करते हुए पूरे घटनाक्रम तथा पुलिस की आगामी सख्त कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा की।
ओवरलोडिंग पर तीखे सवाल, SP रत्ना सिंह बोलीं- “सड़कों पर दौड़ रही ओवरलोड बसों पर अब बढ़ेगी और सख्त कार्रवाई”
पत्रकारों द्वारा पुलिस और परिवहन विभाग की चेकिंग व्यवस्था तथा थानों के सामने से ही मिनी बस में 46 से अधिक सवारियां ठूंस-ठूंस कर ले जाने पर पूछे गए तीखे सवाल पर एसपी रत्ना सिंह ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर ओवरलोडिंग और नियमों की अनदेखी करने वाली गाड़ियों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चलाती रही है।

एसपी ने कड़े शब्दों में कहा, “ओवरलोड वाहनों और अनियंत्रित परिवहन पर पुलिस की ओर से आगे कार्रवाई को और अधिक बढ़ाया जाएगा।” उन्होंने आश्वस्त किया कि घटना के तमाम कारणों की बारीकी से पड़ताल कर दोषियों और लापरवाहों को बख्शा नहीं जाएगा।
46 यात्री थे सवार, 6 की मौत और 20 गंभीर रूप से घायल: SP
एसपी रत्ना सिंह ने हादसे के आधिकारिक आंकड़ों की पुष्टि करते हुए बताया कि मिनी बस में लगभग 46 लोग सवार थे। दुर्घटना में अब तक 6 लोगों की असामयिक मृत्यु हो चुकी है, जबकि लगभग 20 यात्रियों को गंभीर चोटें (फ्रैक्चर) आई हैं। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें पहुंची हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
स्टेयरिंग फेल होने की आशंका, FIR दर्ज कर विस्तृत जांच के आदेश
हादसे की मुख्य वजह के सवाल पर एसपी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बस का स्टेयरिंग फेल होना सामने आया है।
उन्होंने कहा कि मामले में केल्हारी थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी और इस पूरे हादसे की विस्तृत तथा निष्पक्ष जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना की सही और तकनीकी वजह पूरी तरह साफ हो सके।
About The Author










































