जशपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर रची थी साजिश, ‘हरियर’ कार और विला में पार्टियों पर उड़ाए चोरी के पैसे
नई पहल न्यूज नेटवर्क। जशपुर |रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात में जशपुर पुलिस ने लाखों की चोरी का पर्दाफाश किया है। बड़े पिताजी के घर को अपना निशाना बनाने वाली कोई और नहीं, बल्कि उनकी अपनी सगी भतीजी ही निकली। जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है और 51 लाख 82 हजार रुपये से अधिक का मशरूका (माल) बरामद किया है।
वारदात का मास्टरमाइंड: ‘भतीजी, बॉयफ्रेंड और लालच‘
घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केराडीह (रैनीडांड) की है। मुख्य आरोपी मिनल निकुंज, जो जशपुर में कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी, सोशल मीडिया के जरिए अनिल प्रधान नामक युवक के संपर्क में आई। देखते ही देखते दोस्ती प्यार में बदली और दोनों जशपुर में लिव-इन में रहने लगे। महंगे शौक और आईफोन खरीदने की चाहत ने उन्हें अपराध की दुनिया में धकेल दिया।
किस्तों में की चोरी: 15 लाख नगद और सोने के बिस्किट पर हाथ साफ
आरोपी भतीजी ने बड़ी ही चालाकी से वारदात को अंजाम दिया:
- पहला मौका: दादी से चाबी लेकर सफाई के बहाने घुसी और 2 लाख रुपये पार किए।
- दूसरा मौका: दोबारा 3 लाख रुपये चोरी किए। जब घर वालों को भनक नहीं लगी, तो हौसले और बुलंद हो गए।
- फाइनल अटैक: 20 मई 2025 को आरोपी ने पूरा सूटकेस ही पार कर दिया, जिसमें 15 लाख नगद और भारी मात्रा में सोने के जेवर व बिस्किट थे।
चोरी के पैसों से ‘अय्याशी’: रायपुर के विला में मनाया बर्थडे, खरीदी नई कार
चोरी के अगले ही दिन मुख्य आरोपी मिनल का जन्मदिन था। वारदात के बाद सभी आरोपी रायपुर भाग गए, जहां एक लग्जरी विला बुक कर 5 लाख रुपये पार्टी में फूंक दिए। इसके बाद ओड़िशा के राउरकेला में सोने के बिस्किट बेचकर रकम आपस में बांट ली गई और 25 लाख की चमचमाती ‘हरियर’ (Harrier) कार खरीदी।
पुलिस की घेराबंदी: रांची के होटल से दबोचे गए ‘लव बर्ड्स’
जब प्रार्थिया सुषमा निकुंज ने रिपोर्ट दर्ज कराई, तो एसएसपी के निर्देश पर साइबर सेल और नारायणपुर पुलिस की विशेष टीम सक्रिय हुई। टेक्निकल इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को रांची (झारखंड) के एक होटल से घेराबंदी कर पकड़ा।
अब तक गिरफ्तार आरोपी:
- मिनल निकुंज (भतीजी व मुख्य आरोपी)
- अनिल प्रधान (बॉयफ्रेंड)
- अभिषेक इंद्रवार
- लंकेश्वर बड़ाईक
- अलीशा भगत
क्या-क्या हुआ बरामद? (कुल कीमत: ₹51.82 लाख)
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर भारी बरामदगी की है:
- वाहन: एक टाटा हरियर कार (कीमत लगभग 25 लाख)।
- स्वर्ण आभूषण: सोने के 3 बिस्किट (100g, 50g, 20g), सोने का कड़ा, मंगलसूत्र।
- नगद: 86,300 रुपये कैश।
- गैजेट्स: 01 आईफोन और 04 अन्य एंड्रॉयड मोबाइल।
एसएसपी का बयान
“पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस बड़ी चोरी का खुलासा किया है। मामले में पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और अधिकांश माल बरामद कर लिया गया है। शेष फरार आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया गया है, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” — शशि मोहन सिंह, एसएसपी जशपुर
इस कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका:
निरीक्षक संत लाल आयाम (साइबर सेल), उप निरीक्षक राजकुमार कश्यप (थाना प्रभारी), एएसआई नसीरुद्दीन अंसारी और उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड केस को सुलझाने में सफलता पाई।
About The Author













