आम नागरिकों को पुलिस से जोड़ेगा ‘स्कैन एंड फीडबैक’ कोड, रेंज आईजी खुद करेंगे हर शिकायत की मॉनिटरिंग

नई पहल न्यूज नेटवर्क। अंबिकापुर। सरगुजा रेंज की पुलिसिंग में पारदर्शिता और जन-सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा और आधुनिक कदम उठाया गया है। पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने अपने तकनीकी ज्ञान का उपयोग करते हुए रेंज के आम नागरिकों के लिए एक विशिष्ट डिजिटल क्यू.आर. स्केनर कोड लॉन्च किया है। यह पहल आम नागरिकों के लिए पुलिस तक अपनी बात पहुंचाना और स्थानीय पुलिसिंग पर फीडबैक देना बेहद आसान कर देगी।
आईजी श्री झा ने यह क्यूआर कोड पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर (सरगुजा भवन) में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल और जिले के राजपत्रित अधिकारियों की उपस्थिति में जारी किया। अब हर व्यक्ति अपने एंड्रॉयड मोबाइल के जरिए इस कोड को स्कैन करके सीधे पुलिस प्रशासन से जुड़ सकेगा।
पुलिस और जनता के बीच ‘डिजिटल ब्रिज’
यह क्यूआर कोड संभाग के शहरी और दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों के लोगों को त्वरित सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि जनता अपने क्षेत्र के थाना/चौकी के कार्यों के बारे में आसानी से अपना फीडबैक और सुझाव पोस्ट कर सकेगी।
रेंज आईजी दीपक कुमार झा ने बताया कि यह डिजिटल माध्यम जनता के प्रति पुलिस के व्यवहार के आकलन में अहम भूमिका निभाएगा और पुलिस कार्यालयों तथा थाना-चौकियों की जवाबदेही को बढ़ाएगा। यह सरल माध्यम जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक गहरा करने में सहायक सिद्ध होगा।
ऐसे काम करेगा क्यूआर कोड
- यह क्यूआर कोड जिला मुख्यालयों, पुलिस कार्यालयों, थानों/चौकियों और सार्वजनिक स्थानों पर उपलब्ध रहेगा।
- संभाग की जनता किसी भी स्थान से अपने मोबाइल से कोड स्कैन कर सकती है।
- नागरिक अपने व्यक्तिगत क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को सीधे पोस्ट कर सकेंगे।
आईजी की सीधी मॉनिटरिंग
इस डिजिटल पहल की सबसे खास बात यह है कि आम जनता द्वारा दिए गए सभी सुझावों और फीडबैक की मॉनिटरिंग सीधे पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज के मार्गदर्शन में निरंतर की जाएगी। यह व्यवस्था यह सुनिश्चित करेगी कि नागरिकों द्वारा पोस्ट किए गए अभीमत सुझावों का सही और सटीक जवाब दिया जाए।इस तरह, यह क्यूआर कोड जनता के फीडबैक को वरिष्ठ अधिकारी के संज्ञान तक पहुंचाने का एक सशक्त और सरल माध्यम साबित होगा, जिससे सरगुजा रेंज की पुलिसिंग में गुणात्मक सुधार आने की उम्मीद है। इस महत्वपूर्ण अनावरण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी और थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे



About The Author









































