कोरिया जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह की त्वरित पहल पर पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई; दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
नई पहल न्यूज नेटवर्क। सोनहत। ग्राम पंचायत रजौली के ग्राम धनपुर में आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस से टकराकर दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली मासूम बच्ची, कुमारी प्रियांशी पैकरा की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। इस भीषण हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तुरंत हरकत में आए और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे।
त्वरित राहत और संवेदना व्यक्त करने पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत कोरिया के संचार संकर्म सभापति सुरेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह, नायब तहसीलदार भगत मैडम, और संकुल समन्वयक कुलदीप सिंह तत्काल घटनास्थल और पीड़ित परिवार के घर पहुंचे।
50,000 रुपये की तात्कालिक सहायता राशि वितरित

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति सुरेश सिंह की विशेष पहल पर पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार व अन्य तात्कालिक आवश्यकताओं के लिए ₹50,000 की आर्थिक सहायता राशि तुरंत प्रदान की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शोक-संतप्त परिवार को बांधा ढांढस और इस दुख की घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
प्रशासनिक अधिकारियों और सभापति सुरेश सिंह ने पीड़ित परिवार को स्पष्ट आश्वासन दिया है कि हादसे की निष्पक्ष जांच की जाएगी और घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति या स्कूल प्रबंधन पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
About The Author









































