भाजपा प्रवक्ता का सनसनीखेज आरोप- राजीव मितान क्लब के जरिए पोषित हो रहा था शराब का काला कारोबार; छत्तीसगढ़ को बनाया गांधी परिवार का ‘एटीएम’
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘गोठान’ को लेकर बड़ा राजनीतिक विस्फोट किया है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि भूपेश बघेल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ के गोठान गायों के संरक्षण के लिए नहीं, बल्कि अवैध शराबखोरी और तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। उज्ज्वल दीपक ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता के संरक्षण में इन पवित्र स्थानों को अपराध का केंद्र बना दिया था।
राजीव मितान क्लब: “भ्रष्टाचार की नई नर्सरी”
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से उज्ज्वल दीपक ने निशाना साधते हुए कहा कि तात्कालिक सरकार ने ‘राजीव युवा मितान क्लब’ के नाम पर अपने करीबियों को उपकृत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं क्लबों के सदस्यों के माध्यम से गोठानों में शराब की अवैध बिक्री कराई जाती थी। उन्होंने याद दिलाया कि गोठानों में जाम छलकाते हुए वीडियो पहले ही सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होकर कांग्रेस की पोल खोल चुके हैं।
दीपक बैज के बयानों पर उज्ज्वल दीपक का पलटवार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयानों को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा:
“जो पार्टी खुद भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी रही और जिसने छत्तीसगढ़ के खजाने को गांधी परिवार का एटीएम बना दिया, वह आज भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के कलुषित चेहरे और 2018 के उन झूठे वादों को आज तक नहीं भूल पाई है।
अंतरराष्ट्रीय संकट और कांग्रेस का ‘भ्रामक’ चेहरा
उज्ज्वल दीपक ने वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब दुनिया युद्ध और व्यापारिक चुनौतियों से जूझ रही है, तब कांग्रेस केवल जनता को भरमाने का काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ की जनता अब केवल विकास और सुरक्षा देने वाली भाजपा सरकार के साथ है, न कि दशकों तक देश को लूटने वाली कांग्रेस के साथ।







