2 दिन में 8 लोग शिकार, रतजगा करने पर मजबूर हुए वार्डवासी, लाठी-डंडों के साथ गुज़ार रहे रातें
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 8, सुभाष चंद्र बोस वार्ड में इन दिनों आवारा कुत्तों का खूनी आतंक चरम पर है। स्थिति यह है कि वार्डवासी अब घरों में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं और हिंसक कुत्तों के झुंड से खुद को बचाने के लिए रात भर जागने (रतजगा) को मजबूर हैं। पूरे वार्ड में दहशत का माहौल है क्योंकि पिछले मात्र दो दिनों के भीतर इन आवारा कुत्तों ने 8 लोगों को अपना शिकार बना लिया है। हमलावर कुत्तों के इस आतंक से छोटे बच्चे और युवा दोनों ही दहशत में हैं, जिन्हें ये कुत्ते दौड़ाकर काट रहे हैं। अपनी जान और बच्चों की सुरक्षा के लिए, वार्ड के पुरुष और युवा अब लाठी-डंडों से लैस होकर रात में गश्त कर रहे हैं और पूरी रात रतजगा करने को विवश हैं।

अब जान का खतरा उत्पन्न हो गया है
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे अब जान का खतरा उत्पन्न हो गया है। वार्ड के लोगों ने एकजुट होकर स्थानीय प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस आवारा कुत्तों के आतंक से निजात मिल सके और वे चैन की नींद सो सकें। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है।







