BJP दफ्तर के बाहर भिड़े दोनों दलों के दिग्गज, ‘मुर्दाबाद’ के नारों से दहला चैनपुर, आखिर में दिखा गांधीवादी क्लाइमेक्स
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की सियासत में आज उस वक्त उबाल आ गया, जब कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। नेशनल हेराल्ड मामले में मिली कानूनी राहत को कांग्रेस ने ‘सत्य की विजय’ बताते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव किया। चैनपुर स्थित भाजपा दफ्तर के बाहर आज का नजारा किसी चुनावी महासंग्राम जैसा था, जहाँ दोनों दलों के बीच जमकर ‘जुबानी जंग’ और ‘नारों का युद्ध’ देखने को मिला।
हाई वोल्टेज ड्रामा: ‘मुर्दाबाद’ बनाम ‘मुर्दाबाद’
जैसे ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव की अगुवाई में कार्यकर्ताओं का हुजूम भाजपा कार्यालय पहुँचा, पूरा इलाका नारों से गूँज उठा। कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए “नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद” के गगनभेदी नारे लगाए।कांग्रेस के आक्रामक रुख को देखते हुए भाजपाई भी पीछे नहीं हटे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशीष सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेरा बनाकर पलटवार किया और “राहुल गांधी मुर्दाबाद” तथा “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” के नारे लगाकर माहौल को और गर्मा दिया। कांग्रेस की तरफ से पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश शर्मा, व्यंकटेश सिंह, पार्षद अनिल प्रजापति, अजय जायसवाल, स्वप्निल सिन्हा, इमरान खान, गिरधर जायसवाल, किरण कुजूर, जगदीश मधुकर, रवि जैन, सौरभ मिश्रा, स्नेहिल शुक्ला, अमित पूरी, अमित पोद्दार, गुलाम हैदर और अन्य ने तो भाजपा की तरफ से जिला उपाध्यक्ष आशीष सिंह, महेंद्र चंदेल, हरित शर्मा, बबीता सिंह, रवि सोनकर, अजय सिंह समेत अन्य ने नारेबाजी की।
जब नारों के शोर पर भारी पड़ी ‘गुलाब’ की खुशबू
तनावपूर्ण माहौल के बीच अचानक एक ऐसा दृश्य दिखा, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। एक तरफ नारेबाजी चल रही थी, तो दूसरी तरफ जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने घेराबंदी के बीच खड़े भाजपा उपाध्यक्ष आशीष सिंह की ओर हाथ बढ़ाया। लेकिन यह हाथ किसी झड़प के लिए नहीं, बल्कि गुलाब का फूल देने के लिए बढ़ा था। अशोक श्रीवास्तव ने उग्र नारेबाजी के बीच भाजपा नेता को गुलाब भेंट कर ‘गांधीवादी’ संदेश दिया। इस एक पल ने कुछ देर के लिए सियासी कड़वाहट को थाम दिया।
“सत्य की जीत, नफरत की हार” — कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण में न्यायालय का फैसला मोदी-शाह की जोड़ी के लिए करारा तमाचा है। उनका आरोप है कि भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की है, लेकिन अंततः जीत सत्य की हुई है।







