
सांसद ज्योत्सना महंत ने महिला सशक्तिकरण समिति को पत्र लिखा, कार्रवाई की मांग की
मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ की कोरबा से सांसद ज्योत्सना महंत ने महिला सशक्तिकरण समिति को पत्र लिखकर एक गंभीर मुद्दा उठाया है। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में शहीद विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों पर चिंता जताई है।

सांसद महंत ने पत्र में लिखा कि हिमांशी ने देश में शांति बनाए रखने और नफरत न फैलाने की मांग की थी। इतने बड़े दुख में भी उनका यह साहसपूर्ण कदम पूरे भारत के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर हजारों लोग हिमांशी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं। इन सभी अकाउंट्स की डिटेल, फोटो और अन्य जानकारी आसानी से उपलब्ध है। सांसद ने सवाल उठाया कि अगर प्रशासन ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं कर सकता, तो आतंकवादियों को पकड़ने में कैसे सफल होगा।



एक महिला होने के नाते सांसद ज्योत्सना महंत ने हिमांशी का समर्थन किया है। उन्होंने सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





