बदलेगी जिले की सेहत : वनांचल के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी मदद, रिस्पॉन्स टाइम में आएगी बड़ी कमी
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के लिए मील का पत्थर: सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने दी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी
एमसीबी। जिले की भौगोलिक चुनौतियों और दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की सुलभता को देखते हुए कल का दिन एक ऐतिहासिक राहत लेकर आ रहा है। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि 01 अप्रैल को स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल चिरमिरी से नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंसों के जिला स्तरीय बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह सौगात केवल चिरमिरी शहर के लिए नहीं, बल्कि मनेन्द्रगढ़ से लेकर भरतपुर के उन सुदूर गांवों के लिए ‘लाइफलाइन’ साबित होगी, जहाँ आपातकालीन स्थिति में समय पर एम्बुलेंस पहुँचना अब तक एक बड़ी चुनौती थी।
वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी नई ऊर्जा
डॉ. अविनाश खरे के अनुसार, जिले की विषम भौगोलिक परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए इस नए बेड़े को तैयार किया गया है। भरतपुर और मनेन्द्रगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में अब ‘रिस्पॉन्स टाइम’ (सूचना मिलने और मरीज तक एम्बुलेंस पहुँचने का समय) काफी कम हो जाएगा। इससे न केवल मरीजों को समय पर अस्पताल पहुँचाया जा सकेगा, बल्कि रास्ते में होने वाली अनहोनी को भी रोका जा सकेगा।
जो इस सौगात को बनाते हैं खास
- ब्लॉक स्तर पर सशक्त नेटवर्क: सीएमएचओ ने बताया कि इन नवीन एम्बुलेंसों को जिला मुख्यालय सहित विभिन्न ब्लॉक स्तरों पर तैनात किया जाएगा, जिससे पूरे जिले में एक अभेद्य ‘इमरजेंसी ग्रिड’ तैयार होगा।
- चलते-फिरते मिनी अस्पताल: नई संजीवनी एक्सप्रेस गाड़ियां एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) सिस्टम से लैस हैं। इनमें वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और आधुनिक जीवन रक्षक उपकरण मौजूद हैं, जो गंभीर मरीजों को हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान प्राथमिक उपचार सुनिश्चित करेंगे।
- विजन ‘हर दहलीज तक इलाज’: यह पहल स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के उस संकल्प का हिस्सा है, जिसके तहत स्वास्थ्य सुविधाओं को अस्पताल से निकालकर सीधे जनता की दहलीज तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।
काम की गति देख विपक्ष भी हुआ कायल
उल्लेखनीय है कि हाल ही में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी स्वास्थ्य मंत्री की कार्यशीलता और समर्पण की खुलकर सराहना की थी। डॉ. महंत के उस बयान के बाद जिले को मिल रही यह बड़ी सौगात इस बात की पुष्टि करती है कि स्वास्थ्य विभाग पूरी सक्रियता के साथ धरातल पर काम कर रहा है।



कार्यक्रम की रूपरेखा :
- मुख्य अतिथि: श्याम बिहारी जायसवाल (लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन)
- अध्यक्षता: रेणुका सिंह (विधायक, भरतपुर-सोनहत)
- विशिष्ट अतिथि: राम नरेश राय (महापौर), संतोष सिंह (सभापति), नीलम सलूजा (एमआईसी सदस्य)
- समय: कल प्रातः 10:00 बजे
- स्थान: बड़ा बाजार दुर्गा पंडाल, चिरमिरी (जिला एमसीबी)




