भ्रष्टाचार, खस्ताहाल सड़कें की बदहाली को लेकर मनेन्द्रगढ़ ग्रामीण में फूटा आक्रोश
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़। जिले के केल्हारी तहसील में विकास कार्यों के नाम पर बरती जा रही अनियमितताओं और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ अब ‘आर-पार’ की जंग छिड़ गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) ने स्थानीय प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि यदि एक माह के भीतर जनहित की छह सूत्रीय मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा विकास: चेकडेम से लेकर वृक्षारोपण तक धांधली
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष राम नरेश पटेल (अधिवक्ता) द्वारा अनुविभागीय अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाए गए हैं:
- मजदूरों का हक मारकर JCB से काम: ग्राम धनहर में वन विभाग द्वारा बनाए गए दो चेकडेम मानकों के विपरीत हैं। आरोप है कि यहाँ मजदूरों की जगह मशीनों (JCB) से काम कराकर भारी वित्तीय गबन किया गया है।
- गायब हुए ‘महादेव’ के पेड़: केल्हारी वन परिक्षेत्र में महुआ के पेड़ लगाने और ट्री-गार्ड के नाम पर भारी भ्रष्टाचार का दावा किया गया है। मौके से पेड़ गायब हैं, जबकि कागजों पर लाखों रुपये फूंके जा चुके हैं।
- करोड़ों की नहर, पर बूंद भर पानी नहीं: ग्राम तिलोखन में 15 साल पहले एक करोड़ की लागत से बनी नहर आज तक किसानों की प्यास नहीं बुझा सकी। दोबारा करोड़ों खर्च करने के बाद भी नहर का पानी अंतिम छोर तक नहीं पहुँच रहा है।
जनता त्रस्त: टूटी सड़कें और ‘बीमार’ स्वास्थ्य व्यवस्था
ज्ञापन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी तीखे सवाल उठाए गए हैं:
- पसौरी में नारकीय जीवन: ग्राम पसौरी में पिछले तीन महीनों से मुख्य सड़क को पाइप बिछाने के नाम पर खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है।
- डॉक्टरों का टोटा: केल्हारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बिहारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की भारी कमी है। आरोप है कि जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गलत तरीके से कर्मचारियों का संलग्नीकरण (Attachment) किया गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर हैं।
- बिजली विभाग की ‘मनमानी’: केल्हारी क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा मनमाने ढंग से बिल भेजने और बिना आधार के बिजली कनेक्शन काटने की शिकायतें आम हो गई हैं।
- वन विभाग के कार्यों की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच।
- तिलोखन नहर और सेमरामथानी डायवर्जन से क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा।
- केल्हारी में 108 एम्बुलेंस सेवा का तत्काल संचालन।
- अवैध रूप से किए गए स्वास्थ्य कर्मियों के अटैचमेंट को निरस्त करना।
- पसौरी ग्राम की खुदी हुई सड़क का तत्काल मरम्मत कार्य।
हमने बार-बार शासन-प्रशासन को इन समस्याओं से अवगत कराया है, लेकिन अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हैं। यदि एक माह के भीतर जांच और सुधार नहीं हुआ, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
— राम नरेश पटेल, अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण), मनेन्द्रगढ़
About The Author














