अध्यक्ष पूनम सिंह ने किया ध्वजारोहण, देशभक्ति के तराने और राष्ट्र सेवा की शपथ के साथ एकजुट हुए लायंस सदस्य
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़|सेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए अग्रणी लायंस क्लब प्राइड द्वारा देश का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत गरिमामय और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राष्ट्रभक्ति के ओत-प्रोत माहौल में क्लब के सदस्यों ने न केवल तिरंगे को सलामी दी, बल्कि समाज के प्रति अपनी जवाबदेही और राष्ट्र की एकता को अक्षुण्ण रखने का सामूहिक संकल्प भी दोहराया।
तिरंगे की आन और सेवा का संकल्प
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ध्वजारोहण समारोह रहा, जहाँ क्लब की अध्यक्ष पूनम सिंह ने ध्वज फहराकर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को नमन किया। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। उपस्थित सभी सदस्यों ने एक सुर में राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
अध्यक्ष पूनम सिंह का संदेश



इस गौरवशाली अवसर पर अध्यक्ष पूनम सिंह ने सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा—
गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का दिन है। लायंस क्लब प्राइड के लिए राष्ट्र सेवा ही सर्वोपरि है। आज के दिन हम यह प्रतिज्ञा करते हैं कि हम अपने सामाजिक कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना गिलहरी योगदान निरंतर देते रहेंगे। अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन ही एक सजग नागरिक की असली पहचान है।
सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति
देशभक्ति की इस पावन बेला में क्लब के वरिष्ठ सदस्य और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर लायन प्रियंका अग्रवाल, संगीता शर्मा, अंशु अग्रवाल, मंजुलिका करन, जसपाल कालरा, के.के. अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, डॉ. आचार्य, डॉ. करन और नरोत्तम शर्मा सहित क्लब के अन्य सदस्यों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए राष्ट्र की प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।




