सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय, सचिव आशीष अग्रवाल की मौजूदगी में हुई अहम बैठक, खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने का लिया संकल्प
नई पहल न्यूज नेटवर्क। कोरिया। जिला क्रिकेट संघ कोरिया के भविष्य और जिले में खेल प्रतिभाओं को तराशने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए संघ का नया नेतृत्व चुन लिया गया है। 30 जनवरी को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में गुरमीत सिंह को सर्वसम्मति से जिला क्रिकेट संघ कोरिया का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई बैठक
बैठक के दौरान संघ की मजबूती और आगामी खेल सत्र की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। चुनावी प्रक्रिया और बैठक की पूरी कार्रवाई सचिव आशीष अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य विनोद जायसवाल, संजय सिंह, कोषाध्यक्ष अमित चावड़ा, सह सचिव शारदा मरावी, सहायक रमणीक सिंह एवं किशन केवट की सक्रिय मौजूदगी में संपन्न हुई। सभी सदस्यों ने एक स्वर में गुरमीत सिंह के नाम पर अपनी सहमति जताई।
“खिलाड़ियों को मिलेंगे बेहतर अवसर” – नवनिर्वाचित अध्यक्ष
अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद गुरमीत सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा, “मेरा लक्ष्य जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से छिपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को बाहर लाना है। हम खिलाड़ियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं, कोचिंग और जिला व प्रदेश स्तर पर बड़े अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।”
खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर
नवनियुक्त अध्यक्ष को खेल जगत की हस्तियों और स्थानीय खिलाड़ियों ने शुभकामनाएं दी हैं। संघ के सदस्यों का मानना है कि गुरमीत सिंह के अनुभव और खेल के प्रति उनके जुड़ाव से कोरिया जिले में क्रिकेट को एक नई पहचान मिलेगी और प्रशासनिक स्तर पर संघ और अधिक मजबूत होगा।







