46 केंद्रों पर 4599 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, वनांचल के केंद्रों का जिला शिक्षा अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। जिले में बोर्ड परीक्षाओं की शुचिता और व्यवस्थाओं को परखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में आज जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) आर.पी. मिरे ने अपनी विशेष टीम के साथ विकासखण्ड खड़गवां और मनेंद्रगढ़ के दूरस्थ परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
कोड़ा और बुंदेली केंद्रों में जमीनी पड़ताल
निरीक्षण के दौरान DEO सबसे पहले विकासखण्ड खड़गवां के सुदूर परीक्षा केंद्र ‘कोड़ा’ पहुंचे। यहाँ कक्षा 10वीं में दर्ज 77 विद्यार्थियों के एवज में 75 बच्चे परीक्षा देते पाए गए। इसके पश्चात उन्होंने विकासखण्ड मनेंद्रगढ़ के परीक्षा केंद्र ‘बुंदेली’ का रुख किया। बुंदेली केंद्र में हाई स्कूल छिपछिपी के दर्ज सभी 51 में से 51 विद्यार्थी उपस्थित मिले, जो शिक्षा के प्रति ग्रामीण अंचल के बच्चों के बढ़ते उत्साह का प्रमाण है।




जिले का परीक्षा रिपोर्ट कार्ड:
आज की परीक्षा में जिले के कुल 46 केंद्रों पर व्यापक इंतज़ाम रहे।
● कुल दर्ज परीक्षार्थी: 4796
● कुल उपस्थित परीक्षार्थी: 4599
● अनुपस्थित परीक्षार्थी: 197
उड़नदस्ते की रही पैनी नजर
नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल भी पूरी तरह सक्रिय रहा। इस टीम में व्याख्याता मनीषा तिवारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी रणधीर ठाकुर विशेष रूप से शामिल रहे। DEO आर.पी. मिरे ने केंद्र अध्यक्षों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए।
हमारा लक्ष्य है कि जिले के अंतिम छोर पर बैठे छात्र को भी परीक्षा के लिए बेहतर और भयमुक्त माहौल मिले। आज का निरीक्षण इसी दिशा में एक कदम था।
— आर.पी. मिरे, जिला शिक्षा अधिकारी




