नई पहल न्यूज नेटवर्क। चिरमिरी। क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा और एसपी रत्ना सिंह के कड़े निर्देशों के बाद, चिरमिरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध महुआ शराब की तस्करी कर रहे एक शातिर अपराधी को रंगे हाथों धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपी के पास से भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की गई है, जिसे वह खपाने की फिराक में था।
घेराबंदी और गिरफ्तारी का घटनाक्रम
नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी, दीपिका मिंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रिय थी। इसी दौरान 12 फरवरी 2026 को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि सड़क दफाई हल्दीबाड़ी निवासी राजू पनिका पीले रंग के झोले में अवैध शराब लेकर हीरागिर से हल्दीबाड़ी की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ने हीरागिर तिराहे के पास मोर्चा संभाला। पुलिस को देखते ही दो व्यक्ति भागने लगे, जिनमें से एक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद झोले से 35 नग प्लास्टिक पाउच (प्रत्येक 1 लीटर) बरामद हुए।
7000 रुपये की शराब ज़ब्त, आरोपी का पुराना रिकॉर्ड
पुलिस द्वारा ज़ब्त की गई 35 लीटर हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब की अनुमानित कीमत 7000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी राजू पनिका एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।



इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सिंह, प्रधान आरक्षक भगत सिंह, अशोक एक्का, संतोष सिंह, चंद्रसेन राजपूत, हाफिल कुरैशी, मदन राजवाड़े और महिला सैनिक लेखा प्रजापति का विशेष योगदान रहा।




