स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की बेटी डॉ. कंचन की इंदौर के पायलट ऋषभ मालवीय से हुई सगाई, मंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर की खुशी

नई पहल न्यूज नेटवर्क। इंदौर/मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ की राजनीति और स्वास्थ्य महकमे से जुड़ी एक खास खबर सामने आई है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की डॉक्टर बेटी, अब मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर की बहू बनने जा रही हैं। बुधवार को इंदौर में एक सादे समारोह में स्वास्थ्य मंत्री की बेटी डॉक्टर कंचन जायसवाल और इंदौर निवासी पायलट ऋषभ मालवीय की सगाई की रस्म पूरी हुई। इस शुभ अवसर की जानकारी खुद मंत्री जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए दी।

सोशल मीडिया पर साझा की खुशी
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अपनी बेटी की सगाई की खुशी अपने समर्थकों और जनता के साथ साझा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि पारिवारिक रस्मों के बीच बेटी कंचन की सगाई इंदौर के पायलट ऋषभ मालवीय से हुई है। इस पोस्ट के बाद उन्हें प्रदेश भर से बधाईयां मिल रही हैं।

पायलट और डेंटिस्ट की जोड़ी
यह विवाह दो प्रतिष्ठित करियर के मिलन का प्रतीक है। वधू डॉक्टर कंचन जायसवाल पेशे से एक डेंटिस्ट हैं, जो चिकित्सा के क्षेत्र में सेवाएं दे रही हैं। वहीं, दूल्हा ऋषभ मालवीय देश की अग्रणी एयरलाइन इंडिगो (Indigo Air Lines) में एक पायलट के तौर पर कार्यरत हैं।

परिवारजनों ने दिया आशीर्वाद
इंदौर में आयोजित इस सगाई समारोह में छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश, दोनों राज्यों के पारिवारिक सदस्यों की उपस्थिति रही। मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की पत्नी कांति जायसवाल, दोनों पुत्रों के अलावा वर और वधू पक्ष के परिजन और शुभचिंतक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर नव-दंपति को नए जीवन के लिए आशीर्वाद दिया।



About The Author










































