एमसीबी जिले में उमड़ा कृषि अधिकारियों का हुजूम; उप संचालक कृषि इंद्रासन पैकरा ने की संघ के नवाचार की सराहना
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़|छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ ने अपनी संगठनात्मक एकजुटता और सेवा संकल्प को दोहराते हुए आज जिला मुख्यालय में वर्ष 2026 के भव्य वॉल एवं टेबल कैलेंडर का विमोचन किया। उप संचालक कृषि कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस गरिमामयी समारोह ने न केवल कैलेंडर का लोकार्पण किया, बल्कि जिले के कृषि अधिकारियों के बीच एकता का एक नया संदेश भी प्रवाहित किया।
एकता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है यह कैलेंडर: मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप संचालक कृषि इंद्रासन पैकरा ने कैलेंडर का विमोचन करते हुए संघ के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “यह कैलेंडर मात्र तिथियों का विवरण नहीं है, बल्कि यह हमारे कृषि अधिकारियों की कार्यकुशलता, उनके अनुशासन और किसानों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है।” विशिष्ट अतिथि और संघ के मार्गदर्शक पी. एल. तिवारी एवं वरिष्ठ अधिकारी रवि गुप्ता ने भी इस पहल को विभाग की छवि निखारने वाला कदम बताया।
किसानों की सेवा ही हमारा सर्वोपरि लक्ष्य: जिलाध्यक्ष दीपक साहू
संघ के प्रांतीय कार्यालयीन सचिव एवं जिलाध्यक्ष दीपक कुमार साहू ने अपने संबोधन में संगठन की भावी रणनीति साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक संघ का मूल उद्देश्य कृषि अधिकारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ प्रदेश के अन्नदाताओं (किसानों) को उन्नत तकनीकी और शासकीय योजनाओं का लाभ पहुँचाना है।
“हमारा संगठन सेवा और स्वाभिमान का संगम है। यह कैलेंडर हर अधिकारी की मेज पर हमें हमारे कर्तव्यों की याद दिलाता रहेगा।” — दीपक कुमार साहू (जिलाध्यक्ष)
महत्वपूर्ण जानकारियों से सुसज्जित है प्रकाशन
इस वर्ष के कैलेंडर को विशेष रूप से कृषि जगत से जुड़े महत्वपूर्ण राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय दिवसों, विभागीय लक्ष्यों और उपयोगी जानकारियों के साथ डिजाइन किया गया है, जो अधिकारियों के लिए कार्यस्थल पर एक ‘रेडी रेकनर’ के रूप में काम करेगा।



कार्यक्रम में रही इनकी उपस्थितिथि
विमोचन कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्य जिनमें प्रांतीय प्रतिनिधि आशीष नामदेव, उपाध्यक्ष हर्ष अहिरवार, सचिव विकास चौरसिया व सुरज सिंह भगत, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष नफीस आलम (मनेंद्रगढ़), अमित सेन (खड़गवा), और अंशुल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।




