योगधारा योग फेस्ट 2026 के बीच हरिद्वार से पधारे संतों ने लिया बाबा का आशीर्वाद, मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का हुआ भव्य शुभारंभ
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़। आस्था, अध्यात्म और विकास का एक अद्भुत संगम मनेन्द्रगढ़ के श्री खाटू श्याम मंदिर में देखने को मिला। शहर में आयोजित ‘योगधारा योग फेस्ट 2026’ के पावन उपलक्ष्य में तीर्थ नगरी हरिद्वार से पधारे पूज्य स्वामीजी एवं विशिष्ट अतिथि गणों का आगमन बाबा श्याम के दरबार में हुआ। संतों ने बाबा श्याम सहित मंदिर परिसर में विराजमान सभी देवी-देवताओं के दर्शन-पूजन कर विश्व कल्याण की कामना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।

भव्य मुख्य द्वार और डोर-शेड निर्माण का शिलारोपण
इस पावन अवसर को और भी ऐतिहासिक बनाते हुए मंदिर के प्रस्तावित भव्य मुख्य द्वार एवं डोर-शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन व शिलारोपण संपन्न किया गया। पूज्य स्वामीजी के कर-कमलों से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यह शिलान्यास संपन्न हुआ। यह परियोजना मंदिर के आधुनिक सौंदर्यीकरण और विकास की दिशा में एक बड़ा और मील का पत्थर साबित होने वाली है।
संतों के चरण जहाँ पड़ते हैं, वहाँ का वैभव अपने आप बढ़ जाता है। बाबा श्याम के इस भव्य द्वार का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर की दिव्यता को एक नया आयाम देगा।
समिति ने जताया आभार
इस गरिमामयी और आध्यात्मिक उत्सव के सफल आयोजन पर श्री खाटू श्याम मंदिर समिति ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की है। समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रबुद्ध नागरिकों, श्याम भक्तों और सेवादारों का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने इस पल को यादगार बना दिया।














