कांग्रेस-भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी, बीरगांव और बैकुंठपुर में विकास और रमाशंकर दिखाएंगे दमखम
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव 2026 के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी ने इस बार अपने सबसे भरोसेमंद और कद्दावर चेहरों, जिला अध्यक्ष विकास पाण्डेय और लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा, पर बड़ा दांव खेला है। संगठन ने इन दोनों दिग्गजों को अहम क्षेत्रों का प्रभारी नियुक्त कर यह साफ कर दिया है कि ‘आप’ इस बार कांग्रेस और भाजपा के किलों में सेंध लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
विकास पाण्डेय संभालेंगे बीरगांव का मोर्चा
अपनी सक्रियता के लिए पहचाने जाने वाले विकास पाण्डेय को रायपुर के महत्वपूर्ण बीरगांव नगर निगम का प्रभारी बनाया गया है। नियुक्ति के बाद विकास पाण्डेय ने कहा कि,
“जनता अब कांग्रेस और भाजपा के खोखले वादों से त्रस्त हो चुकी है। इस बार निकाय चुनावों में राष्ट्रीय स्तर के बड़े नेता भी छत्तीसगढ़ की गलियों में प्रचार करेंगे। हम विकल्प नहीं, संकल्प के साथ मैदान में उतर रहे हैं।”
रमाशंकर मिश्रा के कंधों पर बैकुंठपुर की जिम्मेदारी
पार्टी के अनुभवी नेता और कोरबा लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा को बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। मिश्रा ने संगठन के इरादे स्पष्ट करते हुए कहा कि,
“बोदरी नगर पालिका और प्रदेश के कई वार्डों में मिली जीत ने यह साबित कर दिया है कि ‘आप’ का ग्राफ बढ़ रहा है। डॉ. संदीप पाठक और प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार हमने कमर कस ली है और संगठन अब सीधे बूथ स्तर पर जनता से संवाद करेगा।“
मजबूत संगठन, आक्रामक रणनीति
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि विकास पाण्डेय और रमाशंकर मिश्रा जैसे जमीनी नेताओं को कमान सौंपने के पीछे का उद्देश्य चुनावी समीकरणों को संतुलित करना और जनता के बीच ‘दिल्ली-पंजाब मॉडल’ को प्रभावी ढंग से पहुँचाना है। 2026 के चुनावों के लिए प्रभारियों की यह ‘अग्रिम तैनाती’ विपक्षी दलों के लिए एक बड़ी चेतावनी मानी जा रही है।
About The Author














