सड़कों का बिछा जाल, सामुदायिक और आंगनबाड़ी भवनों का हुआ लोकार्पण, ग्रामीण बोले- अब बदलेगी गांवों की तस्वीर
नई पहल न्यूज नेटवर्क। पंडरिया। विधानसभा के ग्रामीण अंचलों में अधोसंरचना और जन-सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों की झड़ी लग गई है। आज ग्राम रैतापारा और कुम्ही में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान विधायक ने 8 करोड़ 44 लाख 37 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल सुदूर गांवों की कनेक्टिविटी सुधरेगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों को भी नया बल मिलेगा।

सड़कों का भूमिपूजन: आधा दर्जन गांवों को मिलेगा बारहमासी संपर्क
विधायक भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत दो प्रमुख सड़कों की आधारशिला रखी:
- मेनरोड से रैतापारा: 5 करोड़ 8 लाख 91 हजार रुपये की लागत से 7.50 किमी लंबी सड़क का निर्माण।
- रेहुंटा से कुम्ही: 3 करोड़ 13 लाख 77 हजार रुपये की लागत से 4.86 किमी लंबी सड़क का निर्माण।
लाभार्थी क्षेत्र: इन सड़कों के बनने से पुतकी कला, पलानसरी, रैतापारा, कुम्ही, धोबघट्टी और रेहुंटा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को कीचड़ और उबड़-खाबड़ रास्तों से मुक्ति मिलेगी।



लोकार्पण: बच्चों के पोषण और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए नए भवन
सड़कों के साथ-साथ विधायक ने ग्राम कुम्ही में जन-सुविधाओं का विस्तार करते हुए निम्नलिखित भवनों का लोकार्पण किया:
- आंगनबाड़ी भवन: 11 लाख 69 हजार रुपये की लागत से निर्मित (कुपोषण मुक्ति और प्रारंभिक शिक्षा हेतु)।
- सामुदायिक भवन: 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित (सामाजिक आयोजनों हेतु)।
“अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही लक्ष्य” – भावना बोहरा
इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार गांवों को शहरों जैसी सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन सड़कों से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि रोजगार और कृषि व्यापार को भी गति मिलेगी। हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से अछूता न रहे।
उन्होंने आगे कहा कि आंगनबाड़ी और सामुदायिक भवनों के निर्माण से ग्रामीण समाज को एक मजबूत आधार मिलेगा, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और सामाजिक एकता में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान जनपद अध्यक्ष नंदिनी साहू, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, राजेश्वरी धृतलहरे, जनपद सदस्य सुमन चंद्रवंशी, रानी चंद्रवंशी, रविशंकर चंद्रवंशी, पांडातराई मंडल अध्यक्ष प्रदीपपुरी गोस्वामी, महामंत्री भागीरथी साहू, सरपंच रूखमणी चंद्रवंशी, शेषनारायण चंद्रवंशी, अर्चना चंद्रवंशी, उत्तर देवी साहू, विद्यानंद चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण जन मौजूद रहे।




