भगत सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के स्वागत समारोह में गूंजी खिलाड़ियों की समस्या, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विधायक संगीता सिन्हा ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बालोद। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक संगीता सिन्हा के तेवर अब और आक्रामक नजर आ रहे हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार भगत सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों और पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने खेल जगत की बदहाली पर गहरी चिंता व्यक्त की। खिलाड़ियों ने जब खेल के मैदान से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक के अभाव की बात रखी, तो संगीता सिन्हा ने साफ तौर पर कहा कि व्यवस्था की इस कमी के खिलाफ वे मजबूती से खड़ी होंगी और खिलाड़ियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगी।


“होनहारों के हक पर डाका बर्दाश्त नहीं”
“हमारे अंचल में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन बेहद अफसोस की बात है कि इन बच्चों को आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुविधाएं और संसाधन नहीं दिए जा रहे हैं। मैं खिलाड़ियों को आश्वस्त करती हूँ कि उनके हितों की रक्षा के लिए और खेल मैदानों की दुर्दशा सुधारने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करूँगी।”
— संगीता सिन्हा, विधायक व प्रदेश अध्यक्ष (छ.ग. महिला कांग्रेस)
एकेडमी ने किया जोरदार स्वागत, उज्ज्वल भविष्य की कामना की
इस गरिमामयी मुलाकात के दौरान भगत सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के सदस्यों ने संगीता सिन्हा का मुंह मीठा कराकर और गुलदस्ता भेंट कर भव्य स्वागत किया। एकेडमी के पदाधिकारियों ने इस नियुक्ति को पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया। खिलाड़ियों ने इस मौके पर अपनी आगामी खेल योजनाओं, अभ्यास सत्रों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं की तैयारियों का खाका साझा किया। संगीता सिन्हा ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश-दुनिया में क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ जन और खेल प्रेमी रहे मौजूद
इस विशेष अवसर पर मुख्य रूप से एडवोकेट धीरज उपाध्याय (विधायक प्रतिनिधि) उपस्थित रहे। साथ ही एकेडमी के प्रमुख पदाधिकारियों ने इस आयोजन को सफल बनाया:
- गोपाल यादव (मैनेजिंग डायरेक्टर, भगत सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी)
- रागिनी साहू (अध्यक्ष, बालोद एकेडमी)
- अमन यादव (अध्यक्ष, गुंडरदेही शाखा)
- भामन कुमार सिन्हा (अध्यक्ष, अर्जुन्दा शाखा)
कार्यक्रम के अंत में संस्था के समस्त होनहार खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भारी संख्या में उपस्थित होकर अपनी नई प्रदेश अध्यक्ष के सफल कार्यकाल की कामना की।
About The Author














