तमिलनाडु भवन पहुंचे मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, गणतंत्र दिवस परेड में मौसम विभाग की झांकी को लीड कर चुकी हैं मनेंद्रगढ़ की नीति सिंह
नई पहल न्यूज नेटवर्क। नई दिल्ली / मनेंद्रगढ़। देश की राजधानी दिल्ली के प्रशासनिक गलियारों में छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ का नाम एक बार फिर गर्व से गूंजा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के सिलसिले में दिल्ली पहुंचे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय जब ‘तमिलनाडु भवन’ पहुंचे, तो वहाँ मनेंद्रगढ़ की बेटी और देश की प्रतिष्ठित मौसम वैज्ञानिक नीति सिंह की मौजूदगी ने अंचल को गौरवान्वित किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर तमिलनाडु भवन के रेसिडेंट कमिश्नर और नीति सिंह के पति आशीष सिंह (IAS) ने प्रोटोकॉल के तहत उनकी अगवानी की और भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भवन की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा भी लिया।

मनेंद्रगढ़ से दिल्ली तक का सफर: गणतंत्र दिवस परेड में भी बढ़ा चुकी हैं मान
मौसम वैज्ञानिक नीति सिंह की पूरी प्रारंभिक और स्कूली शिक्षा मनेंद्रगढ़ में ही हुई है। दिल्ली में मौसम विज्ञान विभाग (IMD) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहीं नीति सिंह का करियर ग्राफ बेहद शानदार रहा है। वे नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस की मुख्य राष्ट्रीय परेड में मौसम विभाग की झांकी का सफल नेतृत्व कर क्षेत्र का नाम देश स्तर पर रोशन कर चुकी हैं। अब दिल्ली के इसी प्रशासनिक केंद्र में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान उनकी गरिमामयी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है।
अधिवक्ता रमेशचंद्र सिंह की सुपुत्री हैं नीति
नीति सिंह का परिवार मनेंद्रगढ़ में एक विशिष्ट और प्रतिष्ठित पहचान रखता है। वे क्षेत्र के नामी और वरिष्ठ अधिवक्ता रमेशचंद्र सिंह की सुपुत्री हैं तथा पूर्व न्यायाधीश व्यंकटेश सिंह की बड़ी बहन हैं। मनेंद्रगढ़ की माटी से ताल्लुक रखने वाली बेटी और दामाद की देश की राजधानी में इस गौरवशाली उपस्थिति से स्थानीय जनों में हर्ष का माहौल है।
अभिनेता से मुख्यमंत्री बनने का ‘विजय’ सफर
गौरतलब है कि तमिलनाडु के वर्तमान मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय इन दिनों भारतीय राजनीति और सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में हैं। दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज सुपरस्टार रहे विजय ने महज 2 साल पहले अपनी नई राजनीतिक पार्टी का गठन किया था और अपनी भारी लोकप्रियता के दम पर आज वे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की कमान संभाल रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में इन दिनों उनके नाम को लेकर भारी क्रेज देखा जा रहा है।
About The Author














