नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़। चिरमिरी में जगद्गुरु रामभद्राचार्य की कथा को लेकर छिड़ा सियासी घमासान अब और दिलचस्प मोड़ पर आ गया है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत द्वारा रामभद्राचार्य और धीरेंद्र शास्त्री को लेकर दिए गए तीखे बयान के बाद, अब उनकी पत्नी और कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत का बड़ा बयान सामने आया है। सांसद ज्योत्सना महंत ने जहाँ एक तरफ रामभद्राचार्य से अपने पुराने संबंधों का जिक्र किया, वहीं दूसरी तरफ धर्म की आड़ में हो रही राजनीति पर भी अपनी बात रखी। पारिवारिक और राजनीतिक मोर्चे पर इस बयान को बेहद संतुलित लेकिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रामभद्राचार्य से कई बार मिल चुकी हूँ, सालों पुराना है नाता
अपने पति चरणदास महंत के ‘फर्जी’ वाले बयान से इतर, सांसद ज्योत्सना महंत ने रामभद्राचार्य के प्रति गरिमा बनाए रखते हुए कहा:
“मैं कर्म को ही सबसे बड़ा धर्म मानती हूँ। जहाँ तक जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी की बात है, मैं उनसे आज से नहीं बल्कि कई सालों से परिचित हूँ और कई बार उनसे मुलाकात भी कर चुकी हूँ। पूर्व में मैंने उनकी कथा भी सुनी है। हालांकि, इस बार (चिरमिरी में) मैं उनकी कथा सुनने नहीं जा रही हूँ।”
धर्म की आड़ में राजनीति पर जताया ऐतराज
सांस्कृतिक और राजनीतिक मूल्यों पर बात करते हुए सांसद ने जनप्रतिनिधियों को नसीहत भी दे डाली। उन्होंने धर्म और कर्म के बीच की बारीक रेखा को स्पष्ट करते हुए कहा:
“हम लोग मानवता का सम्मान करने वाले लोग हैं, हमारे लिए मानवता ही सबसे बड़ा कर्म और धर्म है। धर्म की आड़ में राजनीति बिल्कुल नहीं होना चाहिए, बल्कि कर्म की आड़ में सब कुछ होना चाहिए। जितने भी जनप्रतिनिधि हैं, वो राजनीति के बजाय सेवा के भाव में रहें, तो जनता के लिए ज्यादा बेहतर है।”
सियासी गलियारों में चर्चा तेज: पति के रुख से अलग दिखा अंदाज
चिरमिरी की रामकथा को लेकर जहाँ नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए कांग्रेसियों को वहाँ न जाने की हिदायत दी थी, वहीं सांसद ज्योत्सना महंत का यह बयान बेहद नपा-तुला और संभला हुआ है। उन्होंने एक तरफ रामभद्राचार्य से अपनी पुरानी मुलाकातों को स्वीकार किया, तो दूसरी तरफ धर्म के राजनीतिकरण पर सवाल उठाकर कांग्रेस के स्टैंड को भी मजबूत रखा।
अब इस ‘पावर कपल’ के बयानों को लेकर छत्तीसगढ़ के सियासी गलियारों में नई बहस छिड़ गई है!
About The Author









































