भाजपा सरकार में विपक्ष की आवाज दबाने प्रशासनिक तंत्र का हो रहा दुरुपयोग : धनंजय सिंह ठाकुर
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। पामगढ़ विधानसभा के ग्राम कोसला में मुख्यमंत्री के ‘जनचौपाल’ कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कांग्रेस विधायक शेषराज हरबंश को रोके जाने का मामला गरमा गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस घटना पर कड़ा ऐतराज जताते हुए जिम्मेदार कलेक्टर और एसपी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा सरकार के ‘नारी वंदन’ और महिला सशक्तिकरण के दावों की पोल इस घटना से खुल गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा राज में एक महिला जनप्रतिनिधि का यही सम्मान है ? आखिर उन्हें जनता के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने से क्यों रोका गया ?
प्रशासन आखिर क्या छुपाना चाहता था ?
कांग्रेस प्रवक्ता ने जिला प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा:
जनचौपाल का मतलब खुली चर्चा और पारदर्शी जनसुनवाई होता है। जब वहां एक चुनी हुई विधायक को ही जाने की अनुमति नहीं है, तो आम जनता की समस्याओं को क्या सुना जाएगा? कलेक्टर और एसपी को महिला विधायक को रोकने का निर्देश किसने दिया था ? यह कैसा गोपनीय आयोजन था और जिला प्रशासन आखिर वहां क्या छुपाना चाहता था? सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ढाई साल में प्रशासनिक अराजकता चरम पर
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में लोकतांत्रिक अधिकारों को खत्म किया जा रहा है। सरकार में आलोचना सुनने की क्षमता नहीं बची है, क्योंकि आज प्रदेश का हर वर्ग अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि:
- जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार सिर्फ ‘जनचौपाल’ जैसे आयोजनों के जरिए अपना प्रोपोगंडा कर रही है।
- जब विपक्ष के जनप्रतिनिधि जनता की वास्तविक समस्याओं को उठाते हैं, तो सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया जाता है।
- विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने के लिए उनके खिलाफ फर्जी मामले दर्ज कराए जा रहे हैं।
अंत में धनंजय सिंह ठाकुर ने साफ कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भाजपा सरकार की इस प्रशासनिक तानाशाही से डरने वाले नहीं हैं और वे जनता के हक की आवाज पूरी मजबूती से उठाते रहेंगे।
About The Author














