नई पहल न्यूज नेटवर्क | बलरामपुर। जिले के चलगली थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के सहारे चल रहे कोयला तस्करी के बड़े खेल का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंक रहे इन आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सघन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संभव हो सकी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 22 मार्च 2026 की रात गश्त के दौरान पुलिस ने ग्राम डोंगरो के पास सड़क किनारे एक लावारिस ट्रेलर (CG 13 AL 4354) खड़ा पाया। 32 टन कोयले से लदे इस वाहन की जब बारीकी से जांच की गई और चालक द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया, तो पुलिस के होश उड़ गए; कोयला परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे सभी कागजात पूरी तरह फर्जी और कूटरचित पाए गए।
इस धोखाधड़ी के सामने आते ही चलगली पुलिस ने अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318, 338, 336 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना का दायरा बढ़ाया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बसेराकला निवासी सीताराम ने रायगढ़ के ट्रांसपोर्टर अफताब खान के जरिए यह कोयला मंगाया था।
पुलिस की कड़ियों से कड़ियाँ जुड़ती गईं और इस सिंडिकेट में ट्रेलर चालक अक्षय कुमार, ट्रांसपोर्टर अफताब आलम और वाहन मालिक विनोद नायक की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो गई। साक्ष्यों के पुख्ता होते ही पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों अक्षय कुमार (सूरजपुर), अफताब आलम (रायगढ़) और विनोद नायक (रायगढ़) को 12 मई को धर दबोचा। अदालत में पेशी के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है, जिससे अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
About The Author









































