चिरमिरी के मंदिर कार्यक्रम में झलकी पक्ष-विपक्ष की जुगलबंदी, लक्ष्मी राजवाड़े की नाराजगी पर महंत का तंज— “लोग तो जलकर बुराई करेंगे ही
मनेन्द्रगढ़/चिरमिरी। राजनीति में वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन जब बात क्षेत्रीय गौरव और विकास की आती है, तो छत्तीसगढ़ की माटी के नेता दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करना जानते हैं। कल चिरमिरी के एक भव्य मंदिर कार्यक्रम में जब स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत का आमना-सामना हुआ, तो फिजाओं में कड़वाहट की जगह आत्मीयता नजर आई।
इसी सौहार्दपूर्ण माहौल का असर आज मनेन्द्रगढ़ में भी दिखा, जहां डॉ. महंत ने मीडिया के सामने खुलकर श्यामबिहारी जायसवाल के काम की सराहना की और उन्हें ‘अपना’ बताया।
“हमारे मंत्री अच्छा काम कर रहे हैं”
हाल ही में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े द्वारा सूरजपुर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जाहिर करने और स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठाने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि विपक्ष इसे मुद्दा बनाएगा। लेकिन डॉ. चरणदास महंत ने पासा पलटते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का बचाव किया। उन्होंने बड़े गर्व से कहा:
“श्यामबिहारी जायसवाल हमारे क्षेत्र के नेता हैं, हमारे मंत्री हैं। हम तो मानते हैं कि हमारा मंत्री बहुत अच्छा काम कर रहा है। जिसे जलन होगी, वही उनकी बुराई करेगा, हम तो उनके काम के साथ हैं।”
क्षेत्रीय एकजुटता का बड़ा संदेश
डॉ. महंत का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है। एक तरफ जहां भाजपा के भीतर ही लक्ष्मी राजवाड़े की नाराजगी ने ‘सिस्टम’ पर सवाल खड़े किए थे, वहीं विपक्ष के सबसे बड़े चेहरे ने जायसवाल की तारीफ कर उन्हें ‘क्लीन चिट’ दे दी है। महंत ने स्पष्ट कर दिया कि मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर क्षेत्र के विकास के लिए वे अपने क्षेत्र के मंत्री के साथ खड़े हैं।







