छत्तीसगढ़ के शहरों के विकास को मिलेगी रफ्तार: एल्डरमैन निधि के 9.44 करोड़ रुपये जारी
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिए निर्देश—निधि का शत-प्रतिशत सदुपयोग कर शहरी आबादी तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राज्य के शहरी निकायों में जनसुविधाओं और स्थानीय विकास कार्यों को तेज करने के लिए 9 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की एल्डरमैन निधि जारी कर दी है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की इस प्रथम किस्त में कुल निर्धारित राशि का 50 प्रतिशत बजट हस्तांतरित किया गया है। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद जारी इस राशि से मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) की अनुशंसा पर वार्डों में विकास कार्य कराए जाएंगे।
श्री साव ने अधिकारियों और निकायों को कड़े निर्देश देते हुए कहा है कि इस राशि का पूर्ण पारदर्शी और त्वरित सदुपयोग किया जाए, ताकि शहरी आबादी को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सुविधाओं का सीधा लाभ मिले।
निकायवार जारी बजट का विवरण
विभाग द्वारा राज्य के तीनों स्तरों के नगरीय निकायों के लिए राशि का आवंटन इस प्रकार किया गया है:
- नगर निगम (10 निगम): 2 करोड़ 7 लाख रुपये
- नगर पालिका (53 पालिकाएं): 3 करोड़ 93 लाख रुपये
- नगर पंचायत (102 पंचायतें): 3 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये
इस निधि के जारी होने से स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे बुनियादी ढांचागत कार्यों, जैसे गलियों के निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, नाली सुधार और सामुदायिक परिसंपत्तियों के रखरखाव को गति मिलेगी।
About The Author









































