अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष की विधायक संगीता सिन्हा का पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को ऑफर, ‘सरकार गिराओ’ की चर्चा से गरमाया छत्तीसगढ़ विधानसभा का सदन
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंगलवार को अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान एक ऐसा दिलचस्प और विस्फोटक माहौल बना, जिसने सदन के भीतर विपक्ष और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के बीच हास-परिहास की आड़ में बड़े राजनीतिक मंसूबों को उजागर कर दिया। चर्चा के दौरान, कांग्रेस सदस्य संगीता सिन्हा ने सीधे-सीधे भाजपा के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर को सरकार तोड़ने का ऑफर दे दिया।
क्या था महिला विधायक का ऑफर

कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने अजय चंद्राकर से तंज कसते हुए कहा, “आप 15 विधायक तोड़कर लाओ, हम आपको मुख्यमंत्री बना देंगे।” यह ऑफर एक सामान्य हंसी-मजाक से शुरू हुआ, लेकिन यह इशारा करता है कि सदन में विपक्षी सदस्य लगातार अजय चंद्राकर को अपनी ही भाजपा सरकार की आलोचना करने और असंतुष्ट होने के कारण विपक्ष के पाले में लाने की कोशिश कर रहे हैं।
क्यों हुई यह नोंक-झोंक ?
- इस चर्चा की शुरुआत तब हुई, जब राम कुमार यादव ने अजय चंद्राकर से हास-परिहास में पूछा कि “राहुल गांधी ने सरकार में दो प्रकार के घोड़े की प्रजाति बताई है, आप कौन से हो?” इस पर राम कुमार यादव ने कहा “मेरा वही हाल है जो आपका उधर है।”
- इसी नोंक-झोंक के बीच कांग्रेस की सदस्य संगीता सिन्हा ने तंज कसते हुए अजय चंद्राकर से कहा कि बीजेपी वाले आपको मंत्री कभी नहीं बनाएंगे, इसलिए “आप 15 विधायक तोड़कर लाओ और हम आपको मुख्यमंत्री बना देंगे।”
सूत्रों के अनुसार, सदन में विपक्षी सदस्यों ने बार-बार अजय चंद्राकर को सरकार की आलोचना करने और सरकार तोड़कर मुख्यमंत्री बनने तक की चर्चा कर सदन का माहौल गरमा दिया।
गौरतलब है कि अजय चंद्राकर सत्ता पक्ष (भाजपा) के विधायक होने के बावजूद, अपनी ही सरकार की नीतियों और कामकाज के खिलाफ विधानसभा में लगातार मुखर रहे हैं, जिसने विपक्ष को उन पर ‘डोरे डालने’ का मौका दे दिया है।
About The Author










































