बनेगा भारत का सबसे शक्तिशाली ‘वन सीमेंट प्लेटफॉर्म’,भीउत्पादन क्षमता 155 MTPA पहुँचाने का लक्ष्य, मार्जिन में ₹100 प्रति टन सुधार की उम्मीद
नई पहल न्यूज नेटवर्क। अहमदाबाद। भारतीय बुनियादी ढांचा और निर्माण सामग्री क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत करते हुए, अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड के बोर्ड ने एसीसी लिमिटेड और ओरिएंट सीमेंट लिमिटेड के विलय को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस महा-विलय का उद्देश्य एक एकीकृत ‘वन सीमेंट प्लेटफॉर्म’ स्थापित करना है, जो न केवल परिचालन दक्षता में विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी होगा, बल्कि निवेशकों और शेयरधारकों के लिए भी दीर्घकालिक मूल्य सृजन करेगा।
करण अदाणी का विजन: विश्व स्तरीय निर्माण संगठन की ओर कदम
इस ऐतिहासिक निर्णय पर टिप्पणी करते हुए अंबुजा सीमेंट्स के गैर-कार्यकारी निदेशक करण अदाणी ने कहा:
“यह एकीकरण एक परिवर्तनकारी कदम है। अंबुजा, एसीसी और ओरिएंट सीमेंट को एक छत के नीचे लाकर हम परिचालन उत्कृष्टता बढ़ाएंगे और विकास को नई गति देंगे। यह विलय एक मजबूत और ऋण-मुक्त बैलेंस शीट तैयार करेगा, जो हमारे भविष्य के विस्तार का आधार बनेगी।”
शेयरधारकों के लिए क्या है खास ?
विलय की योजना के तहत शेयरधारकों के लिए शेयरों का आवंटन इस प्रकार तय किया गया है:
- ACC लिमिटेड: प्रत्येक 100 शेयरों (फेस वैल्यू ₹10) के बदले अंबुजा सीमेंट्स के 328 शेयर (फेस वैल्यू ₹2) मिलेंगे।
- ओरिएंट सीमेंट: प्रत्येक 100 शेयरों (फेस वैल्यू ₹1) के बदले अंबुजा सीमेंट्स के 33 शेयर (फेस वैल्यू ₹2) जारी किए जाएंगे।
मर्जर के बाद बदल जाएगी सीमेंट बाजार की तस्वीर

यह विलय केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि सीमेंट उद्योग के गणित को बदलने वाला कदम है:
- उत्पादन क्षमता में भारी उछाल: इस पहल से अंबुजा सीमेंट्स की उत्पादन क्षमता वित्त वर्ष 2028 तक 107 MTPA से बढ़कर 155 MTPA करने के रणनीतिक लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
- लागत में कमी और बेहतर मार्जिन: विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और मार्केटिंग खर्चों में कमी आने से मार्जिन में कम से कम ₹100 प्रति मीट्रिक टन (PMT) का सुधार होने का अनुमान है।
- ब्रांडिंग की ताकत: ‘अदाणी अंबुजा सीमेंट्स’ और ‘अदाणी एसीसी’ ब्रांड अपनी बाजार पहचान बनाए रखते हुए अब एक ही कॉर्पोरेट संरचना के तहत काम करेंगे।
- सरलीकृत संरचना: एसीसी, ओरिएंट के साथ-साथ आने वाले समय में पेन्ना और सांघी इंडस्ट्रीज भी अंबुजा सीमेंट्स का अभिन्न अंग होंगे, जिससे प्रशासनिक लागत में भारी कटौती होगी।
एक साल में पूरी होगी प्रक्रिया
आवश्यक वैधानिक और नियामक मंजूरियों के अधीन, इस एकीकरण प्रक्रिया के अगले एक वर्ष के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। इस लेनदेन के लिए आईडीबीआई कैपिटल और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स ने निष्पक्षता राय प्रदान की है, जबकि सिरिल अमरचंद मंगलदास और सिंघी एंड कंपनी कानूनी सलाहकार की भूमिका में हैं।
About The Author









































