नई पहल न्यूज नेटवर्क। बिलासपुर/रतनपुर |चैत्र नवरात्रि के पंचमी के पावन अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अपनी धर्मपत्नी कांति जायसवाल और परिवार के साथ ऐतिहासिक नगरी रतनपुर स्थित मां महामाया देवी के दरबार में मत्था टेका। मंत्री जायसवाल ने मंदिर में सपरिवार विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

भक्ति और आस्था का संगम
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की रतनपुर महामाया मंदिर में अगाध श्रद्धा और अटूट आस्था है। वे अक्सर महत्वपूर्ण अवसरों पर देवी मां के दर्शन के लिए यहां पहुंचते रहते हैं। पंचमी के शुभ मुहूर्त पर उन्होंने मंदिर में विशेष पूजा-आरती में भाग लिया।
प्रदेशवासियों की खुशहाली की प्रार्थना
दर्शन के पश्चात पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा, “आज मातारानी के चरणों में नतमस्तक होकर समस्त प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और शांति की प्रार्थना की है। मां महामाया का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे और हमारा छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति एवं समृद्धि की राह पर अग्रसर होता रहे, यही मेरी मंगलकामना है।”
श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे मंत्री
नवरात्रि के चलते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मंत्री जायसवाल ने आम नागरिक की तरह कतारबद्ध होकर दर्शन किए और वहां मौजूद भक्तों का अभिवादन भी स्वीकार किया। उनके साथ स्थानीय भाजपा नेता और भारी संख्या में समर्थक भी उपस्थित रहे।







