
2013 में नक्सली हमले में कई नेता हुए थे शहीद
संतोष ठाकुर। जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर और सुकमा जिले की सीमा पर स्थित दरभा जनपद पंचायत क्षेत्र के झीरम में 25 मई को शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व क्रेडा अध्यक्ष मिथिलेश स्वर्णकार तथा पूर्व विधायक राजमन बेंजाम ने शहादत स्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। 12 साल पहले 25 मई 2013 को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के दौरान नक्सलियों ने घातक हमला किया था। यात्रा सुकमा जिले से चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र की केशलुर लौट रही थी। इस हमले में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा और वरिष्ठ नेता उदय मुदलियार समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद हो गए थे। सुरक्षा में तैनात कई जवान भी शहीद हुए थे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रतिनिधि महादेव नाग, ब्लॉक अध्यक्ष बीर सिंह बघेल, जीतेंद्र सिंह चौहान, परदेशी बघेल और बुधराम नाग सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। कनकापाल पंचायत के झीरम क्षेत्र से महेंद्र कर्मा को नक्सली उठाकर ले गए थे। राजमन बेंजाम, जो कर्मा के शव को लाने वालों में शामिल थे, ने शहादत स्थल पर मिट्टी को प्रणाम कर श्रद्धांजलि दी।



About The Author










































