
छत्तीसगढ़ में नक्सली मुठभेड़ में शहीद कोबरा जवान को अंतिम विदाई, सीएम साय और गृहमंत्री ने पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन
रायपुर। बीजापुर जिले के उसूर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के कांस्टेबल सोलंकी मेहुल भाई नंदलाल को श्रद्धांजलि दी गई। माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया।


मुख्यमंत्री साय ने शहीद के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मेहुल भाई की वीरता और देशभक्ति को हमेशा याद रखा जाएगा। साय ने बताया कि पिछले एक वर्ष से नक्सल विरोधी अभियान तेज हुआ है। जवानों ने नक्सलवाद से डटकर मुकाबला कर बड़ी सफलताएं हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। सरकार शहीद परिवार को हर संभव सहयोग करेगी। कार्यक्रम में गृह मंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरन्दर मिश्रा और पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


About The Author










































