
गौ तस्करों को पकड़ने वाले 19 पुलिसकर्मियों को कुल 2000 रुपए का ईनाम, सोशल मीडिया में पत्र वायरल
राजनांदगांव। महंगाई के इस दौर में पुलिसकर्मियों को ईनामी राशि के तौर पर मिला एक पत्र सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक कार्यालय से निकले आदेश पत्र में पुलिसकर्मियों को ईनाम के तौर पर 250, 150, 100 व 75 रुपए दिए गए है। पुलिसकर्मियों को यह ईनामी राशि गौ तस्करों को पकड़ने में पाई गई सफलता पर राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई है। जारी पत्र में चौकी प्रभारियों को 100, 150 से 250 रुपए और आरक्षकों को 75 रुपए का इनाम मिला। कुल 19 पुलिसकर्मियों को राजनांदगांव पुलिस द्वारा 2000 रुपए की ईनामी राशि दी गई है। हालांकि, महंगाई के इस दौर में यह इनाम राशि काफी कम मानी जा रही है। कार्यालय राजनांदगांव पुलिस द्वारा आदेश में यह लिखा गया है कि, गौ तस्करों को पकड़ने में की गई कार्यवाही लगन एवं मेहनत से करने के फलस्वरूप पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन हेतु नगद ईनाम से पुरस्कृत किया जाता है।


इसलिए मिला 19 पुलिसकर्मियों को 2000 रुपये ईनाम
14 फरवरी 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक वाहन (एमएच 37-जे-1787) में मवेशियों को भरकर खैरागढ़ से नागपुर ले जाया जा रहा है। चौकी चिखली और साइबर सेल की टीम ने ग्राम गठुला में नाकाबंदी की। वाहन चालक ने रुकने की बजाय गाड़ी को एक मकान में घुसा दिया। दो आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों में अमरावती के अब्दुल राजिक और गोंदिया के गंगाराम पंदरे शामिल हैं। वाहन से बरामद 30 मवेशियों को रेवाडीह स्थित कांजी हाउस में रखा गया है। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली चौकी में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।


About The Author










































