अबूझमाड़ मल्लखंब टीम के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन, पंडरिया विधायक बोलीं — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पटल पर चमकी भारत की योग परंपरा
नई पहल न्यूज नेटवर्क। पंडरिया/कुई-कुकदूर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंडरिया विधानसभा क्षेत्र का सुदूर वनांचल ग्राम भैंसाओदार योग के रंग में सराबोर नजर आया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा की पहल पर आयोजित “स्वस्थ आयु के लिए योग” कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय आदिवासियों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने हिस्सा लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इस भव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण ‘इंडिया गॉट टैलेंट’ की विजेता अबूझमाड़ मल्लखंब टीम रही, जिसने अपनी हैरतअंगेज और जादुई प्रस्तुति से वनांचल के लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।

योग अब वैश्विक मानवता के कल्याण का माध्यम: भावना बोहरा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि योग अब सिर्फ भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया के स्वास्थ्य और कल्याण का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा:
”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज पूरी दुनिया भारतीय योग परंपरा का लोहा मान रही है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के प्रस्ताव को मिले ऐतिहासिक समर्थन के बाद आज पूरा विश्व 21 जून को योग दिवस मना रहा है।”
भावना बोहरा ने वनांचल क्षेत्र के निवासियों का आभार जताते हुए अपील की कि वे योग को केवल एक दिन का आयोजन न मानकर अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं ताकि एक स्वस्थ समाज और सशक्त भारत का निर्माण हो सके।
मल्लखंब टीम ने बिखेरा बस्तर की प्रतिभा का जलवा

कार्यक्रम में बस्तर के सुदूर जंगलों से निकलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली अबूझमाड़ मल्लखंब टीम ने विशेष प्रस्तुति दी। हवा में संतुलन और शारीरिक मजबूती के अद्भुत समन्वय को देखकर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विधायक ने टीम की हौसलाअफजाई करते हुए इसे छत्तीसगढ़ का गौरव बताया।
स्वास्थ्य सुविधाओं से बदल रही पंडरिया की सूरत
अपने संबोधन में विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्र में चल रही स्वास्थ्य क्रांति का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा के विकास और आमजनों की सहूलियत के लिए लगातार जमीनी प्रयास किए जा रहे हैं:
- निःशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब: गाँव-गाँव जाकर अब तक लगभग 13 हजार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है, जिसमें 20 से अधिक प्रकार की जाँच पूरी तरह मुफ्त की जा रही हैं।
- 24×7 एम्बुलेंस सेवा: आपातकालीन चिकित्सा के लिए 8 निःशुल्क एम्बुलेंस चौबीसों घंटे सेवा में तैनात हैं, जिससे अब तक 32 हजार से अधिक लोगों को त्वरित और जीवनरक्षक चिकित्सा लाभ मिला है।
वरिष्ठ जनप्रितिनिधि और भाजपा नेता रहे मौजूद

इस भव्य और अनुशासित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी, विभिन्न स्तरों के जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और वनांचल क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
About The Author














