
कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने की कार्रवाई
कोरिया। जिले में सरकारी दवाएं खुले में फेंके जाने के मामले में कार्रवाई की गई है। कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने जांच टीम का गठन किया। टीम ने बैकुंठपुर के नुरुल हुडा मैरिज गार्डन के पीछे फेंकी गई दवाओं की जांच की। जांच में पाया गया कि फेंकी गई दवाइयों के बैच नंबर, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि जिला अस्पताल बैकुंठपुर के स्टोर और ओपीडी फार्मेसी की दवाइयों से मिलती हैं। जांच दल को स्टोर और ओपीडी फार्मेसी में इन दवाइयों का स्टॉक नहीं मिला। दवाइयों के वितरण का कोई रजिस्टर या विवरण भी नहीं मिला। लापरवाही के लिए जिला अस्पताल के तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें प्रभारी स्टोर कीपर शोभा गुप्ता, फार्मासिस्ट ग्रेड-2 जितेन्द्र जायसवाल और फार्मासिस्ट छत्रपाल सिंह शामिल हैं। तीनों पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9 के तहत कार्रवाई की गई है।प्रशासन ने पुलिस अधीक्षक कोरिया को पत्र जारी कर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। नाले के पास फेंकी गई अन्य दवाइयों के स्रोत और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस जांच जारी है।


About The Author










































