राजधानी में छात्रों का शक्ति प्रदर्शन : रविशंकर शुक्ल से लेकर कृषि और आयुष विश्वविद्यालय तक ‘हल्ला बोल’
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर |छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत राजधानी रायपुर के प्रमुख विश्वविद्यालयों का घेराव किया। ‘छात्र संघ चुनाव हमारा अधिकार है’ के नारों के साथ हजारों की संख्या में उमड़े छात्रों के हुजूम ने यह बतला दिया कि वे छात्रसंघ चुनाव मांगते है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्रों के आक्रोश का ऐसा सैलाब दिखा कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।

रविशंकर शुक्ल विवि में ‘नीरज पांडेय’ की हुंकार: “लोकतंत्र की बुनियाद से समझौता नहीं
आंदोलन का मुख्य केंद्र पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रहा, जहाँ प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए कैंपस के भीतर प्रवेश किया।
नारेबाजी के बीच छात्रों को संबोधित करते हुए नीरज पांडेय ने कड़े लहजे में कहा:
छात्र संघ चुनाव केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की नर्सरी है। सरकार और प्रशासन छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन एनएसयूआई इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। जब तक प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में चुनाव की घोषणा नहीं हो जाती, हमारा यह आंदोलन सड़कों से लेकर सत्ता के गलियारों तक जारी रहेगा।
त्रिकोणीय घेराव: कृषि और आयुष विवि में भी भारी प्रदर्शन

राजधानी में एनएसयूआई ने एक साथ तीन मोर्चों पर मोर्चा खोलकर अपनी संगठनात्मक शक्ति का परिचय दिया:



- इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय: यहाँ संगठन महामंत्री हेमंत पाल के नेतृत्व में छात्रों ने घेराव किया और कृषि छात्रों की समस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी की।
- आयुष विश्वविद्यालय: धमतरी जिला अध्यक्ष राजा देवांगन की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर चुनाव बहाली की मांग बुलंद की।
प्रशासन को सीधी चेतावनी: “अभी तो यह शुरुआत है”
एनएसयूआई ने साफ कर दिया है कि यह घेराव तो महज एक झांकी है। संगठन का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार छात्रों की बुनियादी समस्याओं के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है। यदि जल्द ही चुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन के साथ ‘तालाबंदी’ जैसे कदम उठाए जाएंगे।
आंदोलन में ये रहे प्रमुख चेहरे
इस ऐतिहासिक प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के साथ उपाध्यक्ष अमित शर्मा, प्रशांत गोस्वामी, शान्तनु झा, संकल्प मिश्रा, निखिल वंजारी, विवेक यदु, रितेश दीक्षित, महताब हुसैन, विशाल कुकरेजा, हरिओम तिवारी, वैभव मुंजेवर, पुनेशवर लहरे, अंकित पांडेय, भक्तेश्वर वैष्णव, ओज प्रकाश समेत हजारों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




