मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर एकजुट हुआ संगठन, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़। प्रदेश के महाविद्यालयों में बरसों से थमी छात्र संघ चुनावों की प्रक्रिया को फिर से बहाल करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान छात्र नेताओं ने एक स्वर में कहा कि छात्र संघ चुनाव केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की बुनियाद है, जिसे दबाया जाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रमुख पदाधिकारियों की रही सशक्त मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के वरिष्ठ और सक्रिय पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी के साथ मुख्य रूप से प्रदेश सचिव यश ताम्रकर, सोशल मीडिया प्रभारी ध्वनित्व कुमार, जिला महासचिव आशीष चौधरी एवं संजय सौतिया मौजूद रहे।
इसके साथ ही संगठन की मजबूती दर्ज कराते हुए जिला उपाध्यक्ष ऋषभ, ब्लॉक अध्यक्ष शहर (मनेन्द्रगढ़) विजय सूर्यवंशी, ब्लॉक अध्यक्ष ग्रामीण अमन कोल सहित मयंक पांडेय, किस्मत, नवाज़, रजित और शिवा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और छात्र हितों के लिए हुंकार भरी।
छात्र राजनीति की पाठशाला पर ‘तालाबंदी’ के खिलाफ आक्रोश
ज्ञापन के माध्यम से कासिम अंसारी और यश ताम्रकर ने संयुक्त रूप से कहा कि विगत कई वर्षों से चुनाव न होने के कारण महाविद्यालयों में छात्रों की आवाज दबकर रह गई है। छात्र प्रतिनिधियों के अभाव में छात्रों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। NSUI ने प्रशासन के समक्ष 5 सूत्रीय मांगें रखी हैं, जिनमें चुनाव की तत्काल बहाली, पारदर्शी प्रक्रिया और चुनावी तिथियों की शीघ्र घोषणा शामिल है।



चेतावनी: “न्याय न मिला तो थमेगा चक्का”
NSUI के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन ने छात्रों के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा हेतु तत्काल निर्देश जारी नहीं किए, तो संगठन चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन की राह पर चलेगा। नेताओं ने कहा कि यदि छात्र हितों की अनदेखी जारी रही, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
हम चुप नहीं बैठेंगे। छात्र संघ चुनाव छात्रों का संवैधानिक अधिकार है और इसे लेकर हम अंतिम सांस तक लड़ेंगे।
कासिम अंसारी, जिलाध्यक्ष




