नगरपालिका मनेंद्रगढ़ के वार्ड-7 में गूँज रही किलकारियां, पार्षद खुद पहुँच रही हैं 1100 की सम्मान राशि लेकर
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। अक्सर चुनाव के समय किए गए वादे कागजों और भाषणों तक सिमट कर रह जाते हैं, लेकिन मनेंद्रगढ़ नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 7 से एक ऐसी सुखद तस्वीर निकलकर सामने आ रही है, जिसने राजनीति में ‘सेवा भाव’ की नई परिभाषा लिखी है। कांग्रेस पार्षद कृतिका रवि जैन ने अपने संकल्प “बेटी है सम्मान, बेटी है अभिमान” को चरितार्थ करते हुए वार्ड के उन परिवारों के घर खुशियां बांटना शुरू कर दिया है, जहाँ नन्हीं परी ने जन्म लिया है।
चुनावी संकल्प बना सामाजिक मिशन
पार्षद कृतिका जैन ने पार्षद चुनाव के दौरान वार्ड की जनता से वादा किया था कि वे बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए कार्य करेंगी। इसी कड़ी में, वार्ड में किसी भी परिवार में पुत्री रत्न की प्राप्ति होने पर वे स्वयं उस परिवार के बीच पहुँचकर ₹1100 की सम्मान राशि भेंट कर रही हैं। अब तक वार्ड के 7 परिवारों में यह सम्मान राशि वितरित की जा चुकी है, जिससे न केवल उन परिवारों का उत्साह बढ़ा है, बल्कि पूरे समाज में बेटियों के प्रति एक सकारात्मक संदेश गया है।
मेरे लिए राजनीति केवल पद नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। चुनाव के समय मैंने संकल्प लिया था कि मैं अपने वार्ड की हर बेटी के आगमन को एक उत्सव बनाऊंगी। ₹1100 की यह राशि मात्र एक धन नहीं, बल्कि उस नन्हीं जान के प्रति हमारा स्नेह और सम्मान है। मैं चाहती हूँ कि वार्ड का हर परिवार अपनी बेटी पर गर्व करे। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के नारे को हम जमीनी स्तर पर सच कर रहे हैं।
— कृतिका रवि जैन, पार्षद (वार्ड क्र. 7, मनेंद्रगढ़)
क्यों खास है यह पहल ?
- बेटियों का स्वागत: समाज में बेटियों के प्रति पुरानी सोच को बदलकर उनका गर्मजोशी से स्वागत करना।
- आर्थिक और नैतिक संबल: छोटे स्तर पर ही सही, लेकिन एक जनप्रतिनिधि का साथ परिवार को मानसिक मजबूती देता है।
- जवाबदेही: चुनाव में किए गए वादे को पूरा कर जनता के बीच अटूट विश्वास पैदा करना।
कृतिका जैन की इस पहल की वार्ड वासियों के साथ-साथ पूरे नगर में सराहना हो रही है। लोग कह रहे हैं कि यदि हर जनप्रतिनिधि इसी तरह संवेदनशील हो जाए, तो समाज की तस्वीर बदलते देर नहीं लगेगी।
About The Author









































