- कुल बरामदगी: 6 किलो चांदी (कीमत ₹18 लाख) और ₹5 लाख के अन्य जेवरात व गैजेट्स।
- कार्रवाई: पुलिस कप्तान रत्ना सिंह (IPS) के मार्गदर्शन में पौड़ी पुलिस ने की बड़ी रिकवरी।
- बरामद सामान: लैपटॉप, मोबाइल, सोने-चांदी के सिक्के और कीमती जेवर।
चिरमिरी। पोड़ी पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए न केवल आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है, बल्कि लाखों की मशरूका बरामद करने में भी बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए 6 किलोग्राम वजनी चांदी के जेवर बरामद किए हैं, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 18 लाख रुपये आंकी गई है।
शातिर तरीके से दी थी वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सौरभ सरकार ने 3 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान की अलमारी से सोने-चांदी के जेवर, लैपटॉप और मोबाइल पार कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (IPS) ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए।
सादे कपड़ों में घेराबंदी, मनोवैज्ञानिक पूछताछ से टूटा राज
थाना प्रभारी विवेक पाटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर केराडोल बस्ती में दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी राजिम बंसल (18 वर्ष) और दो विधि से संघर्षरत बालक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। शुरुआत में आनाकानी करने के बाद, जब पुलिस ने ‘हिकमत-अमली’ और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो आरोपियों ने चोरी की बात कबूल कर ली।



पहाड़ी की टेकरी पर छिपाया था ‘खजाना’
पुलिस की सबसे बड़ी सफलता तब हाथ लगी जब सर्चिंग के दौरान केराडोल साजा पहाड़ के पास एक छोटी टेकरी से पुरानी साड़ी में लिपटी एक भारी पोटली बरामद हुई। जब इसे खोला गया, तो पुलिस की आंखें फटी की फटी रह गईं। पोटली के भीतर सफेद प्लास्टिक के झोले में भारी मात्रा में नई चांदी की करधन, पायल, कंगन और चूड़ियाँ भरी हुई थीं।
तौल कराने पर चांदी का कुल वजन 6 किलोग्राम निकला, जिसकी कीमत 18 लाख रुपये है। इसके अलावा 5 लाख के अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
:: विवेक पाटले, थाना प्रभारी
पुलिस टीम की थपथपाई गई पीठ
इस शानदार रिकवरी और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने थाना प्रभारी विवेक पाटले, एएसआई कमलेश पाण्डेय, एएसआई पूरन रजवाड़े और उनकी पूरी टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। विभाग ने इस सफलता को पुलिस की सजगता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण बताया है।




