नगर पंचायत में विकास कार्यों में भेदभाव का लगाया आरोप, दिग्गज नेताओं को सौंपा शिकायत पत्र, मिला ठोस कार्यवाही का आश्वासन।
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर/झगराखांड। नगर पंचायत झगराखांड की ज्वलंत समस्याओं और स्थानीय नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए नेता प्रतिपक्ष हेमलता कोमल कुमार ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने राजधानी रायपुर पहुंचकर प्रदेश के दो कद्दावर नेताओं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से सौजन्य भेंट कर नगर की बदहाली और भेदभावपूर्ण राजनीति पर विस्तार से चर्चा की।
पूर्व मुख्यमंत्री से सार्थक चर्चा: “समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग”
नेता प्रतिपक्ष हेमलता कोमल कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भेंट कर उन्हें झगराखांड की मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने प्रमुखता से यह बात रखी कि नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को लेकर पक्षपात किया जा रहा है, जिससे आम नागरिक बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। माननीय भूपेश बघेल ने इन विषयों को गंभीरता से सुनते हुए क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए अपना हरसंभव समर्थन और सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
डॉ. चरणदास महंत को सौंपा शिकायत पत्र
इसी क्रम में, हेमलता कोमल कुमार ने विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के रायपुर निवास पर मुलाकात की। यहाँ उन्होंने झगराखांड नगर पंचायत में चल रहे कार्यों में हो रहे भेदभाव को लेकर एक औपचारिक शिकायत पत्र भी सौंपा। डॉ. महंत ने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
जनता की भावनाओं को दी आवाज
भेंट के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि नगर का विकास समावेशी होना चाहिए, न कि चुनिंदा वार्डों तक सीमित। उन्होंने स्थानीय नागरिकों की भावनाओं और जनहित से जुड़े अटके हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने की मांग प्रमुखता से रखी।



झगराखांड की जनता का हक मारना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने शासन के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपनी बात रखी है और हमें विश्वास है कि अब नगर के विकास को एक नई गति और न्याय मिलेगा।
हेमलता कोमल कुमार, नेता प्रतिपक्ष, नगर पंचायत झगराखांड




