
जिला पंचायत सदस्य सुखमंती सिंह ने एकलव्य विद्यालय जमथान में स्थापित करने की मांग की
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। भरतपुर ब्लाक में सुशासन तिहार के तहत ग्राम पंचायत कंजिया में आयोजित समाधान शिविर में आम आदमी पार्टी की लोकसभा उपाध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य सुखमंती सिंह ने विधायक रेणुका सिंह को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

सुखमंती सिंह ने एकलव्य विद्यालय जमथान में स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की कमी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली विभाग और पंचायतों में सचिवों के रिक्त पदों को भरा जाए।
उन्होंने जल जीवन मिशन में व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। कहा कि पूरे विकास खंड भरतपुर में इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने इसकी जांच कराने और क्षेत्र में पानी की समस्या का समाधान करने की मांग की। साथ ही कंजिया में खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम बनाने की मांग भी रखी।
विधायक रेणुका सिंह ने कंजिया में स्टेडियम निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने अन्य मांगों पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में आप पार्टी के जिलाध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

About The Author










































