पुष्पेंद्र नायक होंगे मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के नए एएसपी; लगातार उठाई गई आवाज के बाद शासन ने भरी सुरक्षा की ‘खाली’ कुर्सी
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़|जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ‘नई पहल’ द्वारा लगातार उठाई जा रही आवाज का आज बड़ा परिणाम सामने आया है। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा आज जारी की गई राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की तबादला सूची में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में खाली एडिशनल एसपी का पद भर गया।
पुष्पेंद्र नायक जो वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अजाक/क्राइम) जिला राजनांदगांव के पद पर पदस्थ थे, उन्हें अब एमसीबी जिले का नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
‘नई पहल’ ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
गौरतलब है कि एमसीबी जिला पिछले 9 महीनों से एडिशनल एसपी विहीन था, जो सुरक्षा की दृष्टि से एक बड़ा शून्य पैदा कर रहा था। ‘नई पहल’ ने इस मुद्दे को लेकर 25 जनवरी को “तबादला सूची में भी ‘शून्य’ रहा एमसीबी: 9 माह से एडिशनल एसपी विहीन प्रदेश का इकलौता जिला, आखिर कब भरेगा सुरक्षा का यह बड़ा पद!” शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। प्रशासन ने इस संवेदनशील मुद्दे पर संज्ञान लिया और आज गुरुवार को जारी नई सूची में जिले की इस बड़ी कमी को दूर कर दिया गया है।
सुरक्षा के मोर्चे पर आएगी मजबूती
जिले में स्थायी एडिशनल एसपी की नियुक्ति से न केवल पुलिसिंग में कसावट आएगी, बल्कि लंबित अपराधों और प्रशासनिक कार्यों को भी गति मिलेगी। 9 माह से खाली पड़ा यह पद जिले के लिए चर्चा का विषय बना हुआ था, जिसे अब पुष्पेंद्र नायक की नियुक्ति से भर दिया गया है।







